भिवानी। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा 29-30 सितंबर को जिला मुख्यालय पर पेंशनर्स की मांगों को लेकर 24 घंटे का महापड़ाव करेगा। सोमवार को सर्व कर्मचारी संघ कार्यालय में बैठक कर आंदोलन की तैयारियों और रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान नरेश शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला सचिव राजबीर कादयान ने किया। अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के महासचिव एवं प्रदेशाध्यक्ष मास्टर वजीर सिंह ने कहा कि सरकार ने पेंशनभोगियों की मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। राज्य महासचिव रतन जिंदल ने 50 प्रतिशत डीए/डीआर को मूल वेतन-पेंशन में मर्ज करने, कम्यूटेशन कटौती पूरी होने पर पूर्ण पेंशन बहाल करने और वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन में अतिरिक्त वृद्धि की मांग की।
पेंशन समानता और पारिवारिक पेंशन नियमों में सुधार की मांग भी उठाई। उन्होंने कोरोना काल के 18 माह के लंबित डीए/डीआर का भुगतान, कैशलेस मेडिकल सुविधा और मासिक मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये करने की मांग रखी। बैठक में रामचंद्र सैनी, चंद्रभान नहलिया, निर्मल कुमार, फतेह सिंह, ओमप्रकाश घुसकानी, फूल चंद, बलवान दरोगा व महेंद्र सिंह तंवर सहित सदस्य मौजूद रहे।