भिवानी। दसवीं के हिंदी और बारहवीं के शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा में मंगलवार को नकल के 23 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान दूसरे की जगह परीक्षा देने वाला एक फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़ में आया। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर एक पर्यवेक्षक को रिलीव कर दिया गया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को कुल 23 नकल के मामले सामने आए। इनमें प्रतिरूपण का एक मामला भी शामिल है। बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा के उड़नदस्ते ने पलवल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
पलवल के शांति पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (परीक्षा केंद्र-19) में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। इस मामले में केंद्र अधीक्षक को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं इस केंद्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक मधु (टीजीटी हिंदी) को ड्यूटी में लापरवाही के कारण रिलीव कर दिया गया। इसी केंद्र पर पांच नकल के मामले दर्ज हुए।
संत ज्ञानेश्वर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (पलवल-35, बी-1) पर दो मामले दर्ज किए गए। करनाल के विशेष उड़नदस्ते ने दस जबकि अंबाला और जींद के जिला प्रश्न पत्र उड़नदस्ते ने तीन-तीन नकल के मामले दर्ज किए। मंगलवार को सेकेंडरी की परीक्षा में 3,931 और सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा में 1,102 परीक्षार्थी शामिल हुए। डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा में 20,410 छात्र और शिक्षक उपस्थित रहे।