अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। नेहरु पार्क में लहरा रहे फटे हुए तिरंगे की सूचना जिला प्रशासन को वीरवार को स्थानीय लोगों ने दी। सूचना के 22 घंटे बाद फटा हुआ तिरंगा उतारा गया।
वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों को फटे तिरंगे के बारे में सूचना दी गई। मगर किसी ने संज्ञान नहीं लिया। वीरवार दोपहर बाद करीब 3 बजे जिला प्रशासन अधिकारी को दूरभाष पर सूचना दी गई। करीब साढ़े तीन बजे प्रशासनिक अधिकारी के मोबाइल पर फटे हुए तिरंगे की फोटो भेजी गई। शाम साढ़े 4 बजे तक कोई हरकत नजर नहीं आई तो मोबाइल पर कई पर बार संपर्क करने का प्रयास किया गया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नगर परिषद के कर्मचारी नेहरु पार्क पहुंचे और फटा तिरंगा हटाकर यहां नया तिरंगा लहराया गया। नगर परिषद के कर्मचारियों ने बताया कि 26 जनवरी को यह तिरंगा लगाया गया था। उन्हें जैसे ही जानकारी मिली, वे झंडे को सम्मान के साथ उतारने के लिए यहां पहुंच गए हैं। कर्मचारी ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि नया कब लगाया जाएगा।