अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नेशनल हेल्थ मिशन के तहत अत्याधुनिक स्वास्थ्य यंत्रों से युक्त एक नई बेसिक लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस गाड़ी दी गई है। जो मंगलवार देर शाम को लोहारू सीएचसी में पहुंच गई है। सीएचसी को नई एंबुलेंस मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले लोहारू सीएचसी में विभाग द्वारा दो एंबुलेंस उपलब्ध करवाई गई थी जो कुछ दिनों पूर्व दादरी के नागरिक अस्पताल में भेज दी गई। ऐसे में वर्तमान में यहां कोई एंबुलेंस सेवा नहीं थी। आपात स्थिति में मरीजों को रेफर करने, दुर्घटना आदि के समय अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से एंबुलेंस बुलानी पड़ती थी। लोहारू सीएचसी में विभाग द्वारा नई एंबुलेंस उपलब्ध करवाने से मरीजों को तत्काल आपात सहायता मिल सकेगी।
विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई गई नई एंबुलेंस में अत्याधुनिक यंत्र लगाए गए हैं और इसमें ईसीजी मशीन, बीपी ऑपरेट्स, ऑक्सीजन के साथ-साथ आपात स्थिति में मरीज को दी जाने वाली सभी दवाइयां, उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे और साथ ही मरीज की देखरेख के लिए एक ईएमटी भी एंबुलेंस में 24 घंटे तैनात रहेगा। इतना ही नहीं नई बेसिक लाईफ स्पोर्ट एंबुलेंस में तीन सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं जो एंबुलेंस के अंदर व बाहर की सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जाम की स्थिति में एंबुलेंस को साइड न देने वाले वाहनों की पहचान कर उसका चालान भी किया जा सकेगा।
इस बारे में लोहारू सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव चतुर्वेदी ने बताया कि विभाग द्वारा भिवानी जिलें में 10 नई बेसिक लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस मिली है। एक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस लोहारू सीएचसी को मिली है। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस में आपात स्थिति में प्रयोग किए जाने वाले सभी मेडिकल उपकरण व दवाइयां भी ईएमटी की देखरेख में उपलब्ध रहेगी जिससे मरीजों को लाभ मिलेगा।
सीएचसी पर है सात दर्जन गांवों के लाखों लोगों का भार
लोहारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंर्तगत करीब सात दर्जन गांवों की लाखों की आबादी की स्वास्थ्य सेवाओं का भार है तथा प्रतिदिन सैकड़ों लोग स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधाओ ंके लिए आते है। सडक़ हादसों के गंभीर घायलों व गर्भवती महिलाओं को जिलास्तर के अस्पताल मे रेफर करना पड़ता है तथा अनेक बार गंभीर रूप से घायल समय पर सुविधाएं न मिलने पर जिला अस्पताल में पहुंचने से पूर्व ही दम तोड़ देते है। ऐसे में नई एंबुलेंस से मरीजों को काफी फायदा मिलेगा।