जाटों ने आंदोलन स्थगित किए हैं खत्म नहीं, धोखा हुआ तो देंगे जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
प्रदेश सरकार से जिन मांगों पर सहमती हुई है, उन्हें उम्मीद है कि सरकार जल्द उन्हें पूरा करेगी। अन्यथा जाटों ने आंदोलन स्थगित किए हैं खत्म नहीं। सरकार ने इस बार धोखा दिया तो जाट मनोहर लाल सरकार को करारा जवाब देंगे। यह बात रविवार को गांव धनाना में बलिदान दिवस पर जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश सचिव गंगाराम श्योरण ने कही। कड़े सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाए गए शहीदी दिवस में जाटों ने धोखा होने पर आंदोलन की हुंकार फिर से भरने का ऐलान भी किया। शहीदी दिवस पर आसपास के गांवों के हजारों जाट ट्रैक्टर-ट्रालियों में पहुंचे थे। पुलिस ने कार्यक्रम को देखते हुए भिवानी-जींद मार्ग पर भारी वाहनों के आगमन पर दिन भर पाबंदी रखी। कार्यक्रम खत्म होने पर ही इस मार्ग पर भारी वाहन दौड़े।
गांव धनाना में रविवार को अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा नया बस स्टैंड के पास बलिदान दिवस मनाया गया। हवन-यज्ञ किया गया। पिछले आंदोलनों व धरनों के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देकर दो मिनट का मौन रखा। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश सचिव गंगाराम श्योरण ने कहा कि उम्मीद है कि 31 मार्च तक पिछड़ा आयोग द्वारा जातिगत आंकड़े दे और उसके बाद उनकी मांग पूरी हो जाएगी। गंगाराम श्योरण ने कहा कि आज आगामी आंदोलन की घोषणा होनी थी, लेकिन 11 फरवरी को सरकार द्वारा हमारी मांग मानने के चलते ये घोषणा नहीं हो रही। सरकार ने इस बार भी धोखा किया तो पहले से बड़ा आंदोलन प्रदेश में किया जाएगा। जिसके लिए जाट पूरी तरह से तैयार हैं। बलिदान दिवस की अध्यक्षता सूबेदार राजमल धनाना ने की। इस दौरान जिला प्रधान होशियार सिंह जताई, बलबीर बजाड़, जगत सिंह मित्ताथल, वेदप्रकाश धनाना, कैप्टन रामचन्द्र, कैप्टन भीमसिंह मित्ताथल, सूबेदार चन्द्र सिंह, प्रीत धनाना, रणसिंह चैहङ कलां, अनिल धनाना, धर्मबीर कुंगड़, नसीब दलाल, हवासिंह घुसकानी, बीरभान बडेसरा, सत्यवान बलियाली, प्रेम धनाना, कृपाल धनाना, जयबीर रोढा सहित सैकड़ाें लोग उपस्थित रहे।
---
कुर्सी जाते ही मनोहर को भूल जाएगी भाजपा व आरएसस : बैनीवाल
शहरी अध्यक्ष जाट नेता रणबीर बैनीवाल ने सीएम मनोहरलाल से अनूठी अपील की और कहा कि कुर्सी जाने पर भाजपा व आरएसएस मनोहरलाल को भूला देगी, लेकिन वो हमारी मांग पूरी करते हैं तो जाट समुदाय की आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें चौ. छोटूराम व चरण सिंह की तरह याद रखेंगी।
----
भारी वाहनों की जींद मार्ग पर एंट्री रही बंद
पुलिस ने शहीदी दिवस के मद्देनजर भिवानी-जींद मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री रविवर को बंद रही। जींद की तरफ जाने वाले वाहनों को तिगड़ाना मोड़ नाके से ही पुलिस ने वापस कर दिया। दूसरी तरफ जींद से आने वाले वाहनों को मुंढाल पुलिस नाके से वापस कर दिया। दोपहर तीन बजे शांतिपूर्वक कार्यक्रम खत्म होने पर करीब चार बजे इस मार्ग पर वाहनों का आगमन सुचारू रूप से किया गया। जिस कारण इस मार्ग पर आने-जाने वाहनों को परेशानी उठानी पड़ी।
---
पुलिस ने ली राहत की सांस
पिछले कई दिनों से सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पुलिस बल की नींद उड़ी हुई थी। रविवार को बलिदान दिवस कार्यक्रम शांतिपूर्वक निपटने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांसें ली।