अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
अंतर्विद्यालय एकल नृत्य प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में हलवासिया विद्या विहार की महक और सीनियर वर्ग में लिटिल हार्ट्स पब्लिक स्कूल की सुहानी अंचल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रविवार को यहां नेकीराम सभागार में लॉयन्स क्लब भिवानी सिटी की ओर से आयोजित नृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि लॉयंस क्लब के पूर्व प्रांतपाल लॉयन राजेन्द्र बंसल, कार्यक्रम अध्यक्ष क्लब के प्रधान लॉयन संजय गोयल, विशिष्ट अतिथि जींद से लॉयन सुरेश जिंदल ने किया। प्रतियोगिता दो वर्गों में हुई, जिसमें भिवानी शहर के चौदह विद्यालयों के 28 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रकल्प संयोजक प्रधान लॉयन संजय गोयल ने आए हुए मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए क्लब की गतिविधियों के बारे में बताया। प्रधान लॉयन संजय गोयल व वरिष्ठ सदस्य लॉयन ललित अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ग के विजेताओं ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को क्रमश: 2100, 1500, 1100 व 500 रुपये नगद पुरस्कार व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सचिव लॉयन अशोक तायल ने बताया कि प्रतियोगिता में आदर्श महिला महाविद्यालय की नीटा चावला व सुचेता सोनी तथा वैश्य महाविद्यालय के सुरेन्द्र कुमार ने निर्णायको की भूमिका निभाई। इस अवसर पर क्लब द्वारा क्लब के वरिष्ठ सदस्य लॉयन धर्मेश शाह की शादी की सिल्वर जुबली केक काटकर मनाई गई।
मंच संचालन स्तुति ने किया। इस अवसर पर लॉयन प्रदीप जैन, डॉ. करण पुनिया, डॉ. वन्दना पुनिया, क्लब के सचिव लॉयन अशोक तायल, कोषाध्यक्ष राजेश तलवार, लॉयन प्रमोद मिण्डुका, प्रदीप अग्रवाल, सुरेन्द्र लोहिया, प्रमोद मितल, राजेश गुप्ता, भावना गोयल, शिव कुमार गुप्ता, सीमा गोयल, ललित, अमित, राहुल आदि मौजूद रहे।
फोटो : 03 व 04
--
इन बच्चों ने पाया पुरस्कार
जूनियर वर्ग में हलवासिया विद्या विहार की महक ने प्रथम, लिटिल हार्ट्स पब्लिक स्कूल के कृष्णा सोनी ने द्वितीय व जी लिटेरा वैली स्कूल की दिशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वैश्य मॉडल स्कूल की जन्नत व हैप्पी पब्लिक स्कूल की सिमरन ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में लिटिल हार्ट्स पब्लिक स्कूल की सुहानी अंचल ने प्रथम, वैश्य मॉडल स्कूल की लता ने द्वितीय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की याशु सैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हलवासिया विद्या विहार की महिमा व केसीएम आर्मी स्कूल की मोहिनी ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।