भिवानी। पटेल नगर से हुडा पार्क की तरफ जाने वाले मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक टेलीफोन पोल क्षतिग्रस्त होकर सड़क की तरफ झुक गया, जिससे इस पर लटक रही तारें भी जमीन से कुछ फीट ऊपर ही रह गई। वहीं टेलीफोन पोल क्षतिग्रस्त होने कारण इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट एवं आसपास के इलाके में बीएसएनएल का इंटरनेट भी ठप हो गया।
वीरवार सुबह दूर संचार विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने इलाके में इंटरनेट व टेलीफोन सेवा तो बहाल कर दी, मगर वाहन की टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त होकर सड़क की तरफ झुका पोल नहीं बदला। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल कुछ दिन पहले ही देर रात को किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद सडक़ की तरफ पोल झुकने से इस पर लगी तारें भी सडक़ से चंद फूट ऊपर ही रह गई। कोई भी गाड़ी सरकुलर रोड से पटेल नगर हुडा की तरफ जाती है तो उस पर तार उलझने का हमेशा डर बना रहता है। दूर संचार विभाग के लाइनमैन कर्मबीर ने बताया कि इस पोल से जिन लाइनों में तकनीकी खराबी थी वो ठीक कर दी गई हैं, लेकिन पोल बदलने का काम विभाग का है। इस पोल को अगर जल्द नहीं बदला गया तो हादसा हो सकता है।