जिला सामान्य अस्पताल की केजुअल्टी में दो युवक पहुंचे और एक युवक चिकित्सक के सामने बैठने के बाद बोला कि मुझे कोरोना है इसका टेस्ट कराओ। इस पर चिकित्सक ने उस युवक से उसकी ट्रेवलिंग की हिस्ट्री पूछी तो उसने कुछ नहीं बताया और दूसरा युवक डॉक्टर के कार्य की ही विडियो बनाने लगा। इस पर डॉक्टर ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो दोनों युवक ही बदतमीजी पर उतर आए। इसके बाद केजुअल्टी में ही हंगामा खड़ा हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन जब तक पुलिस वहां पहुंचती इससे पहले ही दोनों युवक रफूचक्कर हो गए। केजुअल्टी में तैनात डॉक्टर की शिकायत पर सिटी पुलिस ने इस संबंध में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिटी पुलिस को दी शिकायत में डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि उसकी केजुअल्टी में ड्यूटी लगी हुई थी। जब वह मरीजों का चेकअप कर रहा था तो इसी दौरान दो युवक केजुअल्टी में पहुंचे। इसमें से एक युवक ने उसे कोरोना होने की बात कही। इस पर उसने युवक से उसकी यात्रा के इतिहास की रिपोर्ट मांगी मगर आरोपी कुछ नहीं बता पाया। इसके बाद उसने उन्हें इस टेस्ट की जरूरत नहीं होने की सलाह दी थी। इसी बात पर आरोपी युवक बिफर गए और उसके साथ अभद्रता करते हुए उसके कार्य की विडियो बनाने लगे। इस संबंध में शिकायत सिटी पुलिस को दी गई। सिटी पुलिस ने डॉ. प्रवीन कुमार की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।