भिवानी। पिता के दूसरी शादी कर लेने और दादा द्वारा पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए किशोरी ने प्रशासन, सीएम से परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग की है।। साथ ही पुलिस पर शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने, सीएम के भिवानी दौरे पर आने के दौरान मिलने नहीं देने के भी आरोप लगाए। कार्रवाई के लिए किशोरी और उसकी मां सीएम विंडो पर भी शिकायत कर चुके है। साथ ही शिकायत पर कार्रवाई की बजाए फर्जी हस्ताक्षर से लीपा पोती करने के भी आरोप लगाए।
सदर थाना क्षेत्र की जुई चौकी के तहत आने वाले एक गांव वासी 14 वर्षीय किशोरी ने सीएम विंडो पर दी शिकायत में बताया था कि उसके पिता ने चोरी छीपे दूसरी शादी कर ली थी। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया। दूसरी शादी के बाद उसका पिता नेपाल में रहने लगा। दादा-दादी ने भाई, माता और मेरे साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसकी शिकायत उन्होंने जुई चौकी पुलिस को दी थी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई ना कर मामला जमीन जायदाद से जोड़कर लीपापोती में जुट गई। जब इसकी शिकायत सीएम विंडो पर दी तो उसके बयान लिखकर फर्जी हस्ताक्षर कर दिए गए। परेशान किशोरी ने कार्रवाई नहीं होने पर गत दिनों भिवानी आए सीएम को शिकायत देनी चाही। पुलिस ने सीएम से मिलवाने की बजाए परिवार के सदस्यों हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया और देर रात रिहा किया।
पति की मौत के बाद देवर से किया था पल्ला
किशोरी की माता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 1996 में हुई। शादी के बाद उसे एक लड़का हुआ। उसके पति की वर्ष 2001 में बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद उसे देवर के साथ पल्ला लगा दिया। उसके तीन वर्ष बाद उसे लड़की हुई। वर्ष 2015 में उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और नेपाल में रहने लगा।
लड़की और उसकी माता की ओर से शिकायत आई है। इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
गंगाराम पुनिया, पुलिस अधीक्षक