अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
डाबर कॉलोनी में नवनिर्मित सड़क के धंसने पर कॉलोनी वासियों ने घटिया निर्माण सामग्री के आरोप लगाए थे। इसके बाद पूर्व जनस्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने असेंबली में मुद्दा उठाया। इसी की इंक्वायरी के लिए शनिवार को पंचकूला से टेक्निकल एडवाइजर अपनी पूरी टीम के साथ पहुंचे। यहां जनस्वास्थ्य विभाग, मार्केट कमेटी के अधिकारियों से बातचीत करने के अलावा यहां की सैंपलिंग करवाई गई। कॉलोनी वासियों ने भी शिकायत की। टीम ने करीब चार घंटे यहां रहकर जांच की। अब सैंपल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।
डाबर कॉलोनी में वर्ष 2014 में सीवर लाइन डालकर सड़क निर्माण किया गया था। सीवर लाइन और सड़क निर्माण के लिए भी लोगों को काफी संघर्ष करना पड़ा था और सड़क निर्माण हुआ तो कुछ दिनों में ही सड़क धंस गई। इसके बाद निर्माण कार्य पर सवाल उठाए। लोगों ने अपने स्तर पर पर उच्च अधिकारियों, मंत्रियों को शिकायत की। पूर्व जनस्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने मामला संज्ञान में आने के बाद असेंबली में भी उठाया।
इसी मामले की जांच के लिए शनिवार को पंचकूला में विभिन्न विभागों के टेक्निकल एडवाजर विशाल सेठ अपनी टीम के साथ पहुंचे। टीम सुबह करीब साढ़े 10 बजे डाबर कॉलोनी में पहुंची। सूचना पर जनस्वास्थ्य विभाग एक्सईएन के अधिकारी, मार्केट कमेटी एसई, एक्सईएन, एसडीओ आदि अधिकारी भी पहुंचे। यहां जर्जर हुई सड़क का निरीक्षण किया और सैंपल भरे। साथ ही जांच की कि सड़क धंसने का क्या कारण रहा। क्षमता से अधिक लोड के कारण सड़क धंसी या सड़क निर्माण से पहले डाली गई सीवरेज लाइन के कारण सड़क धंसी। टीम ने करीब चार घंटे यहां जांच की और अलग-अलग जगह से सैंपल एकत्रित किए। अधिकारियों ने बताया कि सैंपल की जांच करवाई जाएगी और उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लोगों ने की शिकायत
डाबर कॉलोनी के लोग बार-बार टीम में शामिल अधिकारियों के समक्ष सड़क निर्माण को लेकर शिकायत करते दिखे। कॉलोनी वासियों ने बताया कि निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क धंस गई थी। उसके बाद से लिपा-पोती चल रही है। मामूली पैचवर्क कर दिया जाता है। अब भी सड़क की सारी रोड़ियां बिखरी हुई हैं। शिव कुमार प्रजापति ने बताया कि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया। इस कारण कुछ समय बाद ही सड़क टूट गई और धंस गई। इसकी शिकायत उन्होंने सभी मंत्रियों से की।
ठेकेदार और आमजन में हुई बहस
कॉलोनी वासी बार-बार शिकायत करने के लिए अधिकारी के पास जा रहे थे वहीं, चिंतित ठेकेदार बार-बार उन्हें हटा रहा था। इस दौरान कॉलोनी वासियों की ठेकेदार से बहस भी हुई। शिव कुमार प्रजापति ने बताया कि बाद में ठेकेदार अपनी गाड़ी लेकर वहां से चला गया।