अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
सरकार की ग्राम स्वराज योजना के तहत पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ ने गांव ढाणा लाडनपुर में रात्रि ठहराव किया। गांव के अनुसूचित जाति के लोगों के साथ उनके घर खाना खाया। सुबह गांव की हर बिरादरी के लोगों के घर जाकर जलपान किया और लोगों की समस्याएं सुनीं।
ग्राम स्वराज अभियान के तहत रात्रि प्रवास के दौरान बीती रात गांव ढाणा लाडनपुर के अनुसूचित जाति के राजे के घर खाना खाया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के जगमग योजना में शामिल करने में आ रही दिक्कतों का विधायक से जिक्र किया। ग्रामीणों ने बताया कि आधा गांव तो जगमग योजना में शामिल हो गया, लेकिन रेलवे लाइनपार की बस्ती इस योजना से अछूती हैं। इस पर विधायक ने ग्रामीणों को रेलवे लाइन के नीचे से 11 हजार की लाइन की वायर निकालने के लिए बीकानेर मंडल के अधिकारियों को पत्र लिखने व उनकी इस समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
महिला को 100 गज का प्लॉट दिलाने के निर्देश
गांव की महिला लक्ष्मी देवी ने बताया कि उसके पास न तो मकान है और न ही उसके पास कोई प्लॉट है। इसके चलते वह परेशानियों के दौर से गुजर रही हैं। इस पर पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ ने पंचायती राज के सचिव को उक्त महिला को पंचायत की जमीन से सौ गज का प्लॉट दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वे खुद केंद्र सरकार की आवासीय योजना के तहत मकान के लिए सहायता राशि दिलाने का प्रयास करेंगे।
विधायक सर्राफ के खुले दरबार के दौरान गांव के लोगों ने शिकायत की कि उनको 100-100 गज के प्लॉट तो दिए जा चुके हैं, लेकिन उन प्लॉटों का इंतकाल नहीं हो पाया है। इनके अलावा इन प्लॉटों का कब्जा भी नहीं दिलाया गया है। इसके चलते उनको अनेक परेशानियां पड़ रही हैं। विधायक ने वहां मौजूद नायब तहसीलदार को उक्त प्लॉट धारकों के नाम इंतकाल करने के निर्देश दिए। इस पर नायब तहसीलदार ने बताया कि वे उनके पास प्लॉटों की रजिस्ट्री की फोटो कॉपी लाएं। वे तत्काल उन प्लॉटों का इंतकाल उनके नाम कर देंगे। इस मामले में कोई ढिलाई नहीं होगी। गांव में करीब 162 लोगों को 100-100 गज के प्लॉट दिए गए थे।
एक सप्ताह में नए जलघर से शुरू होगी पानी की सप्लाई
ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में पीने के पानी का संकट है। इस पर विधायक सर्राफ ने पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों से पानी की स्थिति के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि पहले कुछ तकनीकी अड़चन थी। उसको दूर कर लिया है। बिजली का कनेक्शन भी हो गया है। अब एक सप्ताह के भीतर गांव में नए जलघर से पीने के पानी की सप्लाई देेने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही गांव की गलियों व चौपालों की मरम्मत पर एक करोड़ 36 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। ब्राह्मणों व जांगड़ा धर्मशाला के लिए बजट जारी करवाए जाने का आश्वासन दिया है।