शहर में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर दे रहे हादसे का न्योता, निगम लापरवाह
भिवानी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जमीन पर रखे बिजली के ट्रांसफार्मर लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। बिजली वितरण निगम को सरकार व न्यायालय ने लोहे के पोल व जमीन पर रखे बिजली के ट्रांसफार्मर हटाए जाने के कड़े आदेश जारी किए हुए हैं बावजूद विभाग इस मामले में लापरवाह बना हुआ है। शहर में लगभग 15 जगहों पर ट्रांसफार्मर जमीन पर रखे हुए हैं। जमीन पर रखे इन ट्रांसफार्मर की वजह से अब तक इन क्षेत्रों में कई हादसे हो चुके हैं। एक साल पहले पंचायती गेट के पास जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर के छू जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बारिश के दिनों में कई पशु भी करंट लगने से मारे जा चुके हैं।
शहर के गोशाला शिक्षा मार्ग, नया बाजार, कृष्णा कालोनी सहित दर्जनों भीड़ वाले क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर जमीन पर रखे हुए हैं। इनके पास से रोजाना हजारों लोग एवं स्कूली बच्चे गुजरते हैं। बारिश के दिनों में तो इन के पास से गुजरना मौत खतरनाक रहता है। ट्रांसफार्मर जमीन से हटाए जाने की मांग को लेकर शहर के लोग कई बार आला अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं इसके अलावा जाम तक लगा चुके हैं। इसके बावजूद बिजली निगम इस मामले में टस से मस नहीं हो रहा है।
--
लोहे के खंभे भी बने खतरा
शहर में 21 हजार बिजली के खंभे है। इनमें से पांच हजार लोहे के खंभे है। जिनमें से आज भी शहर में सात सौ के करीब लोहे के खंभे भी है। ये खंभे हटाने के लिए सालों से अभियान भी चलाया जा रहा है। लेकिन पहुंच वाले लोगों के क्षेत्र से ही लोहे के खंभे हटाए गए हैं, जबकि अनेक कालोनियों में आज भी ये खंभे खतरा बना हुआ है।
--
क्षेत्र के लोग कई बार कर चुके हैं शिकायत
गोशाला मार्केट निवासी विनोद ने बताया कि यहां राजधानी बुक शॉप के ठीक सामने जमीन पर रखे बिजली ट्रांसफार्मर को लेकर कई बार क्षेत्र के लोग उपायुक्त को शिकायत कर चुके हैं, बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं हटाया जा रहा है।
----
यहां पर रखे हैं जमीन पर ट्रांसफार्मर
- गोशाला मार्केट शिक्षा मार्ग
- नया बाजार पंचायती गेट
- नया बाजार फूलों वाला चौक
- कृष्णा कालोनी चौक
- जीतू वाला फाटक
- बिजली घर गेड रोड
- दादरी गेट
---
वर्जन.......
शहर में एक्सीडेंटल क्षेत्रों के ट्रांसफार्मर लगभग बदले जा चुके हैं। शहर में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मरों की निशानदेही कर हटाने का प्रयास लोहे के खंभे और जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर हटाए जाने के लिए निगम गंभीर है।
-रणवीर सिंह, अधीक्षक अभियंता बिजली निगम
--
नया बाजार निवासी अंकित ने कहा कि यहां रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से दो गायों की मौत हो चुकी है। क्षेत्र के लोगों ने इस बारे में प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
--
कृष्णा कालोनी चौक सबसे व्यस्त इलाकों में है। यहां पर जमीन पर सालों से जमीन पर रखा ट्रांसफार्मर खतरा बना हुआ है। नत्थूराम गुप्ता ने कहा कि भीड़ वाले क्षेत्र में इस तरह लापरवाही से ट्रांसफार्मर रखे होने कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
--
नया बाजार पंचायती गेट क्षेत्र निवासी राजेंद्र ने बताया कि यहां सालों से बिजली के दो ट्रांसफार्मर जमीन पर रखे हुए हैं। कुछ माह पूर्व ही यहां पर एक साथ दो सांड़ का करंट लगने से मौत हो गई थी। यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को संभलकर चलना पड़ता है।
--
अतर सिंह ने कहा कि पंचायती गेट के पास जमीन पर रखे ये ट्रांसफार्मर स्कूली बच्चों के लिए सबसे बड़ा खतरा बने हुए हैं। व्यस्त बाजार व गली के मोड़ पर जमीन पर रखे हुए ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ लोहे की जाली लगा दी गई है, लेकिन अक्सर इन जालियों में भी करंट दौड़ता रहता है।
--