भाजपा ने किसानों को किया चिंतामुक्त : कृषि मंत्री
तोशाम। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने दावा किया कि किसानों की भलाई के लिए पिछले ढाई साल के दौरान जितने फैसले लिए गए हैं उतने आज तक किसी सरकार ने नहीं लिए हैं। प्रधानमंत्री का सपना साकार करते हुए किसानों की आमदनी बढ़ाई और खेती को जोखिम मुक्त किया।
अनाज मंडी में शुक्रवार को भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आयोजित किसान जमावड़ा रैली को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि जिस पार्टी के राज में किसानों को ढाई और पांच रुपये के चेक मुआवजा के तौर पर दिए जाते हैं, आज उसी के नेता पंचायत बुलाकर किसानों के हितैषी होने का झूठा दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू न करने का गलत आरोप लगाने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। वे अपने ही राज में इस आयोग के लिए बनाई गई सीएम कमेटी का चेयरमैन होने के बावजूद एक भी सिफारिश को लागू नहीं कर पाए । जबकि भाजपा ने केंद्र व राज्य में सरकार बनते ही स्वामीनाथन आयोग की लगभग सभी सिफारिशों को योजनाएं तैयार कर लागू किया।
मंत्री ने कहा कि फसल बीमा योजना से आज किसानों को 12-12 लाख तक की राशि के चैक मिले हैं। किसानों को आर्थिक क्षति से चिंतामुक्त करने के लिए फसल बीमा योजना और 12 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिए जाने जैसी योजना सरकार बना चुकी है। भिवानी और दादरी जिले में सिंचाई उठान परियोजना के लिए सरकार ने 143 करोड़ की राशि मंजूर की है।
एक फोन पर किसानों को मिलेगा पानी
धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इजराइल की तर्ज पर पेहवा के समीप 150 एकड़ भूमि में पानी का ऐसा प्रोजेक्ट तैयार करवाया है, जिससे किसानों को 300 दिन तक 14 घंटे पानी उपलब्ध रहेगा। यहां पानी को एक ओवरहैड टैंक में एकत्रित कर सौर ऊर्जा व पॉवरग्रिड से किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। कोई भी किसान एक फोन करके अपने खेत में पानी मंगवा सकता है। इस योजना को प्रदेश के भिवानी सहित 13 जिलों में पहले लागू किया जा रहा है, उसके बाद पूरे राज्य में किया जाएगा।
कांग्रेस और इनेलो नेता सरकारी की उपलब्धियों से बौखलाए
रैली में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस और इनेलो नेता वर्तमान सरकार की उपलब्धियों से बौखला चुके हैं। सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार कृषि विपणन, सिंचाई प्रबंधन, फसलों के लाभकारी मूल्य और किसानों को समय पर फसल का भुगतान कर निरंतर यह प्रयास कर रही है कि खेती को फायदे का सौदा कैसे बनाया जाए। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष समय सिंह भाटी ने भी रैली को संबोधित किया। किसान मोर्चा के जिला प्रधान व रैली आयोजक टोनी बराला ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक घनश्याम सर्राफ, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषिप्रकाश शर्मा, एसडीएम अजय चोपड़ा, मुकेश गौड़, रविंद्र बापोड़ा, कृष्ण नेहरा, राखी जिन्दल, मितलेस सरदाना, सुरेंद्र बागनवाला, जिला परिषद् चेयरमैन रमेश ओला, व्यापार मंडल प्रधान जोगेंद्र मलिक, धर्मसेना के जिलाध्यक्ष मास्टर फूलचंद शर्मा, नरेंद्र फौजी, राजेश ईश्रवालिया, सुरेंद्र श्योराण, रामफल घिराय , डॉ. जयसिंह, डॉ. संदीप यादव आदि मौजूद थे।
--
तोशाम के सरपंच को नहीं चढ़ने दिया मंच पर
तोशाम के सरपंच देवराज गोयल कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के पहुंचने के बाद रैली मंच पर चढ़ने लगे तो सिक्योरिटीवहीं पकड़ लिया। इसके बाद सरपंच ने एक बार कुछ कहा लेकिन वे नहीं माने फिर सरपंच नाराज होकर वहां से चले गए। सरपंच देवराज से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया।