मांगे पूरी नहीं हुई तो नहीं देंगे वोट
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) ने शहर में जोरदार प्रदर्शन कर जिला उपायुक्त के माध्यम से मजदूरों की मांगों के समर्थन में राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि मजदूरों की वाजिब मांगों को शीघ्र लागू नहीं किया तो वोट नहीं मिलेंगे।
सोमवार को नेहरू पार्क में मजदूरों की सभा हुई। सभा की अध्यक्षता सीटू जिला प्रधान कामरेड ओमप्रकाश ने की तथा मंच का संचालन जिला सचिव अनिल कुमार ने किया। सभा के बाद मजदूरों ने शहर में विरोध मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए मजदूर हांसी गेट, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। मजदूरों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन भेजा तथा ज्ञापन राज्य सरकार को प्रेषित किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार मजदूरों की मांगों पर गौर नहीं कर रही है। यदि सरकार ने उनकी मांग नहीं पूरी की तो मजदूर अपना वोट सरकार को नहीं देंगे।
इस मौके पर माकपा जिला सचिव दयानंद पूनिया, सीटू कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार, सीटू जिला प्रधान का. ओम प्रकाश, सचिव अनिल कुमार, भवन निर्माणस्त्रत्त् के मनोहर आलमपुर, मनरेगा के जिला कोषाध्यक्ष रामफल देशवाल, आशा वर्कर की नेता कमलेश, मिड डे मील की सुदेश, वन विभाग मजदूर यूनियन व सीटू के राज्य उपाध्यक्ष करतार गे्रवाल, सीटू नेता धर्मबीर कूंगड़, जनवादी महिला समिति से संतोष देशवाल, सर्व कर्मचारी संघ से सुखदेव, सुखदर्शन सरोहा, अध्यापक संघ नेता रामपाल आदि उपस्थित रहे।
ये हैं मजदूरों की मुख्य मांग
राज्य में सभी परियोजना वर्करों को पक्का करना, न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये, हटाए गए प्रेरक शिक्षकों को काम पर वापस लेना, ट्रेड यूनियन अधिकारों पर हमला बंद करना, यूनियन बनाने के मजदूरों के अधिकारों को लागू रखना, मनरेगा मजदूरों व भवन निर्माण मजदूरों का पंजीकरण, श्रम कल्याण बोर्ड की सभी सुविधाएं मजदूरों को देना, मनरेगा व वन विभाग के मजदूरों की बकाया राशि तुरंत भुगतान, ग्रामीण चौकीदार, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी, मिड डे मील व वन विभाग मजदूरों को पक्का करना, मजदूरों की दिहाड़ी 600 रुपये करना, सभी ग्रामीण गरीबों के पीले राशन कार्ड बनाना व बीपीएल धारकों को 100 गज के प्लाट देना प्रमुख मंाग है।