अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी से संबद्ध भिवानी और चरखी दादरी जिलों के कॉलेजों के प्रिंसिपल की बैठक में ऑनलाइन एडमिशन और रजिस्ट्रेशन के मुद्दों पर चर्चा हुई। मंगलवार को हुई बैठक में डीन कॉलेजिज दिनेश कुमार मदान ने मीटिंग के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन में आने वालीं विभिन्न समस्याओं के समाधान और एडमिशन प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने पर चर्चा की। इस दौरान विभिन्न कॉलेजों के प्रिंसिपल ने सवाल भी पूछे।
यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर एसके गक्खड़ ने यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों को मिलकर शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने पर जोर दिया। यूनिवर्सिटी को स्मार्ट कैंपस में तब्दील करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि तीन मूल मंत्रों को अपनाकर विश्वविद्यालय को एक स्मार्ट कैंपस में बदला जा सकता है। पहला शिक्षा, दूसरा जल संरक्षण और तीसरा ऊर्जा संरक्षण। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करवाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में एक लर्निंग एटीट्यूड लाना है। रजिस्ट्रार प्रोफेसर भगवान सिंह चौधरी ने अपने विचार रखे। बैठक में 63 में से 54 कॉलेजों के प्रिंसिपल और प्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस मौके पर विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रोफेसर ललिता गुप्ता समेत कई मौजूद रहे।