अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
डीसी साहब, सेक्टर की समस्याओं का समाधान होगा या नहीं। ये सवाल सेक्टर 13 वासियों ने डीसी डा. अंशज सिंह से किया। डीसी ने जल्द उचित समाधान का आश्वासन दिया है। सेक्टर-13 वासी मंगलवार को सातवीं बार सेक्टर की समस्याओं को लेकर डीसी से मिले और ज्ञापन सौंपा।
सेक्टर-13 में सफाई व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। पार्कों में भी गंदगी है। कम्यूनिटी सेंटर पर ताला लटका है और बिजली बिल नहीं भरने के कारण कनेक्शन कट गया है। सेक्टर की ग्रीन बेल्ट के पास बनी दूध की डेयरियों का गोबर सड़क पर फेंका जा रहा है। खाली प्लॉटों में गंदा पानी भरा है और उनसे बीमारियां फैलने का खतरा है। इन सभी समस्याओं को लेकर मंगलवार को सेक्टर-13 की दी भिवानी अर्बन एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल डीसी से मिलने पहुंचा। पदाधिकारियों के साथ इस बार सेक्टर की महिलाएं भी थीं। पिछले दो महीने में सातवीं बार सेक्टर वासियों ने डीसी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। सेक्टर वासियों ने डीसी से जवाब मांगा कि वे बार-बार काम छोड़कर आ रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान होगा या नहीं। समस्या लेकर आने में दो दिन खराब होते हैं। उन्हें हर बार इंतजार के लिए कह दिया जाता है। सेक्टर वासियों ने कहा कि समस्याओं के कारण सेक्टर में रहना मुश्किल हो गया है। पॉश कॉलोनी के चक्कर में महंगे दामों पर प्लॉट और मकान खरीदे, लेकिन कोई सुविधा नहीं है। सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है। सीवर व्यवस्था ठप है। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। डीसी ने आश्वासन दिया है की एक सप्ताह में खाली प्लाटों में जंगली घास कटवा दी जाएगी। डीसी से मिलने वालों में प्रधान एडवोकेट मनोहर लाल सरदाना, ओम प्रकाश पोपली, रणबीर सिंह, धीरज कक्कड़, कृष्ण नंबरदार, गुलाब राम वर्मा, नरेंद्र शर्मा, अरुण नरूला, तरुण नरुला अजय, संदीप, बबीता कोशिक, पूनम, मीनाक्षी, रेखा, सोनिका, अंजू, ज्योति, प्रगति आदि मौजूद रहे।