भिवानी। प्रदेश सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर जिलेवासियों को 119.50 करोड़ से अधिक की 19 परियोजनाओं की सौगात मिली। सबसे अहम जीतूवाला जोहड़ रेलवे फाटक पर बनने वाले ओवरब्रिज की आधारशिला रखी गई। इसके निर्माण पर 4322 लाख अनुमानित खर्च आएगा।
शहर की करीब डेढ़ दर्जन कॉलोनी इस फाटक के दूसरी तरफ बस्ती है और वहां से स्कूली बच्चे तक अक्सर इस बंद रेलवे फाटक के नीचे से होकर गुजरते हैं। इस कारण यहां हमेशा गंभीर हादसों की आशंका रहती है। इतना ही नहीं फाटक के कारण अक्सर लोग अपने कार्यों में लेट भी होते हैं। वर्षों से यहां आरओबी या आरयूबी बनाने की मांग चल रही थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है। लघु सचिवालय परिसर स्थित सरल केंद्र के सामने प्रांगण में कार्यक्रम किया गया। जिसमें विधायक घनश्याम दास सर्राफ और बवानीखेड़ा से विधायक बिशंबर वाल्मीकि मुख्य रूप से शामिल हुए और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उद्घाटन और शिलान्यास पटलों का अनावरण किया। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से हिसार में हुए कार्यक्रम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
परियोजनाओं से मिलेगी विकास को गति : सर्राफ
विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि यह बड़ी ही खुशी की बात है कि जिले को इतनी बड़ी संख्या में परियोजनाओं की सौगात मिली है। इससे जिले में विकास को और अधिक गति मिलेगी। विधायक बिशंबर वाल्मीकि ने कहा कि हलका बवानीखेड़ा में और अधिक विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है। एक साल कोविड के दौरान विकास कार्य धीमी गति से रहे हैं, लेकिन अब उनको गति प्रदान की जाएगी। उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने कहा कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनकी गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। हमारा हर संभव प्रयास रहेगा कि सभी विकास परियोजनाएं निर्धारित समयावधि पर पूरी हों। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश मनोज कुमार दलाल, सीईओ डीइआरडीए प्रदीप कौशिक, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, पूर्व विधायक डॉ. शिव शंकर भारद्वाज, जेजेपी जिला प्रधान विजय गोठड़ा, बवानीखेड़ा से जेेजेपी प्रत्याशी रहे राम सिंह वैद, तोशाम से जेजेपी से प्रत्याशी रहे सीताराम सिंगला, भाजपा प्रदेश सचिव ठा. विक्रम सिंह, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राम सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद चावला, भाजपा युवा जिलाध्यक्ष पवन ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी सोनू सैनी, स्वच्छता अभियान जिला प्रमुख विजय शर्मा, रविंद्र बापोड़ा, पारस डालमिया आदि मौजूद रहे।
इनका हुआ उद्घाटन
सौगात लागत
33 केवी सब स्टेशन गिगनाऊ 2.47 करोड़
33 केवी सब स्टेशन बामला 4.69 करोड़
33केवी सब स्टेशन बड़दू चैना 4.08 करोड़
33 केवी सब स्टेशन जूई 3.37 करोड़
33 केवी सब स्टेशन बीटीएम-हांसी रोड भिवानी 3.08 करोड़
कम्यूनिटी सेंटर लोहानी 91 लाख
कम्यूनिटी सेंटर आसलवास दुबिया 90.01 लाख
33 केवी सब स्टेशन सुरपुरा कलां 3.68 करोड़
इनकी रखी गई आधारशिला
योजना लागत
- कम्यूनिटी सेंटर देवराला 188 लाख
- कम्यूनिटी सेंटर धारवानबास 174.58 लाख
- लोहारू शहर में नहरी पानी आधारित जलघर 1916.06 लाख
- पॉलिटेक्निक लोहारू में शैक्षणिक और लाइब्रेरी ब्लॉक 1166.61 लाख
- रेवाड़ी-भठिंडा रेलवे लाईन पर आरओबी 4322 लाख
- तालु-सिवाड़ा रोड 286 लाख
- लुहारी जाटू-पुर-धनाना सड़क मार्ग 400.83 लाख
- भिवानी से राजपुरा-खरकड़ी-सुई रोड 283.46 लाख
- मालवास कुसुंभी, केहरपुरा टिटानी रोड 448.53 लाख
- मुंढ़ाल-सुखपुरा रोड 328.05 लाख
- बिजलानवास से कुड़ल पर विशेष मरम्मत 135.96 लाख
- लुहारी जाटू-पुर-धनाना रोड, मालवास-कुसुंभी-केहरपुरा-टिटानी रोड़, मुंढाल-सुखपुरा रोड, बिजलानवास-कुड़ल रोड को 12 फीट से चौड़ा करके 18 फीट का किया जाएगा। इस प्रकार से जिला में करीब 119 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया गया।