भिवानी। पोली हाउस के नाम पर बलियाली निवासी तीन युवकों ने सरकार से पौने दो करोड़ रुपये का लोन लेकर पोलीहाऊस नहीं लगाने का मामला सामने आया है। बागवानी अधिकारी की शिकायत पर थाना शहर पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार जिला उद्यान अधिकारी पवन ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बलियाली निवासी रविंद्र कुमार, प्रकाशचंद और हरीश ने सरकार से पोली हाउस लगाने की स्कीम के तहत 1,71,74,440 रुपये का लोन लिया था। जब अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया तो न 25 एकड़ में बाग मिला, न कोई बागवानी गतिविधि चालू मिली। वहां पर लगाई जानी वाली ड्रिप, पोली हाउस, नेट चालू हालत में नहीं मिला। पैक हाउस में पैकिंग कार्य नहीं होता मिला। लोन लेते समय यह बताया गया था कि अगर पोली हाउस नहीं चलाएंगे तो अनुदान की राशि वापस जमा करवा देंगे। लेेकिन आरोपियों ने न पोली हाउस शुरू किया और न ही अनुदान की राशि वापस जमा करवाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।