अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। जिले में शनिवार को पुलिस की ओर से एसपी गंगाराम पूनिया के नेतृत्व में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक स्वयं चेकिंग करते रहे। इसके बावजूद शहर में रातभर पुलिस के आगे से ओवरलोड डंपर खूब दौड़ते रहे, वहीं शराब के ठेके भी पूरी रात खुले मिले। जब एसपी गंगाराम पूनिया घंटाघर पहुंचे तो वहां से गुजर रहे ओवरलोड डंपरों को रुकवाकर ड्राइवर से पूछताछ की। पूछताछ करने पर ड्राइवर के पास ना तो वजन की पर्ची मिली ना ही गाड़ी के कागजात। इसके चलते गाड़ी को इंपाउंड करने के आदेश दे दिए।
पुलिस नाइट डोमिनेशन अभियान में पुलिस कितनी सजग है इसका पता लगाने के लिए अमर उजाला की टीम ने रात को एक बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक शहर का जायजा लिया। टीम एक बजे के करीब सबसे पहले बैया रेस्टोरेंट के सामने पहुंची तो वहां पर ठेका खुला मिला। उसके बाद अन्य ठेके देखे तो खरकड़ी फाटक के पास स्थित ठेका, बापौड़ा बाईपास पर स्थित ठेका, अनाज मंडी के पास का ठेका खुला मिला। पुलिस ने ना तो रात को ठेके बंद करवाए और ना ही ओवर लोड डंपर चालक पकड़े।
ओवरलोड डंपर चालक नंबर प्लेट पर लगाते हैं ग्रीस
रात को ओवरलोड चलने वाले डंपर चालक अपनी नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाए रखते हैं। कोई हादसा हो जाए तो तो गाड़ी का नंबर पता नहीं चल पाता है। वहीं, डंपर चालक ना तो वजन की पर्ची साथ रखते हैं ना ही डंपर के कागजात। चेकिंग के दौरान एसपी गंगाराम पूनिया को जब कागजात नहीं मिले तो डंपर इंपाउंड करवा दिए। उन्होंने कहा कि आरटीओ अधिकारी से बात करके इनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
1546 वाहनों की जांच, 100 के किए चालान
नाइट डोमिनेशन में 114 चेकिंग पार्टी जिले में गश्त पर रही। टीमों ने जिले में 1546 वाहनों की जांच की। 100 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने 17 लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने गश्त के दौरान 52 लोगों के अजनबी पर्चे काटे गए।
वर्जन ::
नाटक डोमिनेशन अभियान में जिले की पुलिस जांच अभियान में शामिल थी। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शराब के ठेके खुले होने बारे में एक्साइज विभाग के डीईटीसी से बात की जाएगी और समय पर ठेके बंद नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
-गंगाराम पूनिया, पुलिस अधीक्षक