नपा चुनाव से 16 घंटे पहले 59 वोटर की नई लिस्ट के बाद गर्माया राजनीतिक माहौल
बवानीखेड़ा। चुनाव से ठीक 16 घंटे पहले वार्ड-पांच की नई मतदाता सूची जारी होने से बवानीखेड़ा में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। इस बात को लेकर वार्ड पांच के उम्मीदवार सहित समर्थकों ने उपायुक्त, एसडीएम, सीटीएम, चुनाव आयोग, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री को ईमेल के माध्यम से शिकायत की और नई लिस्ट से चुनाव न करवाने के लिए चुनाव आयोग से अपील की।
वार्ड पांच के उम्मीदवार सतपाल गक्खड़ ने बताया कि चुनाव से 16 घंटे पहले अचानक से उनके वार्ड की नई मतदाता सूची जारी की गई है। जोकि पूरी तरह से गलत हैं। यह सूची एक व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए कुछ घंटे पहले जारी की गई है। जोकि सिर्फ उसी के वार्ड के लिए ही जारी की गई है। जबकि इसके पहले 20 मार्च तक विज्ञापन के माध्यम से आपत्तियां मांगी गई थी और लिस्ट को फाइनल कर दिया गया था।
नगर पालिका चुनाव के नियमों के अनुसार वोट जोड़ने की शक्तियां उपायुक्त के पास होती है। हमारे पास 59 वोटरों की नई लिस्ट जारी हुई है, जो वार्ड-पांच के सभी उम्मीदवारों को दे दी है।
- सतीश कुमार, रिटर्निंग ऑफिसर और एसडीएम।