बच्चियों से दरिंदगी के विरोध में काला दिवस मनाया
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर देश और प्रदेश में बच्चियों एवं युवतियों के साथ दुष्कर्म, हत्या एवं गैंगरेप के खिलाफ महिला कांग्रेस की भिवानी जिला ग्रामीण इकाई द्वारा काला दिवस मनाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मंगलवार को महिला कांग्रेस की ग्रामीण जिला प्रधान प्रेमवती गोयत के नेतृत्व में महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और चौधरी बंसीलाल पार्क के पास एकत्रित होकर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर ग्रामीण जिला प्रधान प्रेमवती गोयत ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महिलाओं की इज्जत सुरक्षित नहीं है। हरियाणा में हर रोज बच्चियां रेप का शिकार हो रही हैं, लेकिन सरकार की नींद नहीं खुल रही। प्रेमवती गोयत ने कहा कि बलात्कारी चाहे किसी भी हैसियत का हो उसको सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने बलात्कार करने वालों को फांसी की सजा देने की मांग की।