बंद को लेकर प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा के कड़े प्रबंध
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पहले जाट आरक्षण को लेकर हुए बवाल और अब एससी-एसटी एक्ट पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर अनुसूचित जाति-जन जाति संगठनों द्वारा दो अप्रैल के देशव्यापी बंद की घोषणा के बाद सरकार व प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। दो अप्रैल के बंद में हिंसा जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। इसके लिए सभी चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए हैं तो प्रशासन द्वारा 2 अप्रैल को इंटरनेट सेवा भी बंद की जा सकती है। हालांकि अभी तक इस बारे में अधिकारिक तौर पर आदेश जारी नहीं हुए हैं।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा हाल ही में अनुसूचित जाति पर प्रताड़ना रोकने के लिए बनाए गए एससी-एसटी एक्ट को लेकर आदेश दिए गए हैं। जिसमें इस एक्ट को गैर जमानती से जमानती करने के बाद अनुसूचित जाति जन जाति संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। विरोध स्वरूप जन संगठनों ने दो अप्रैल को पूरे देश में बंद का ऐलान किया है। इसके बाद पुलिस द्वारा कड़े सुरक्षा के प्रबंध किए जा रहे हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व सार्वजनिक स्थानों पर विशेष रूप से पुलिस सुरक्षा रहेगी। इसके साथ ही प्रदर्शन स्थलों के पास पुलिस तैनात रहेगी। मामले को नियंत्रित किए जाने के लिए खुफिया तंत्र भी अनुसूचित जाति क्षेत्रों में नजर रखे हुए है।
---
पुलिस की ओर से सभी थाने-चौकी प्रभारियों व दंगारोधी दस्ते को अलर्ट रहने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों व मुख्य मार्गों पर पुलिस विशेष रूप से तैनात रहेेगी।
सुरेंद्र कुमार भौरिया, एसपी