जलघरों में पहुंचा पानी, दो दिन और रहेगी पानी की किल्लत
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
शहरवासी और जनस्वास्थ्य विभाग का पखवाड़े भर का इंतजार रविवार सुबह पांच बजे उस खत्म हुआ जब नहर के रास्ते जलघरों में पानी पहुंच गया। इसके बावजूद शहर के लोगों को अगले दो दिन संयम से पानी का इस्तेमाल करना होगा। जलघर भरने में दो दिन का समय लगेगा, इसके बाद शहर में जलापूर्ति सुचारू हो पाएगी।
विगत दो सप्ताह से जल संकट का सामना कर रहे शहर और आसपास के गांवों के बाशिंदों के लिए राहत की बात तो यह रही कि रविवार सुबह नहरों में पानी आ गया, लेकिन इस राहत का लाभ दो दिन बाद लोगों को मिलेगा। दो दिन लोगों को पानी की राशनिंग करनी होगी।
विभाग के सूत्र बताते हैं कि महम रोड स्थित मुख्य जलघर की बजाय विभाग ने अभी निनान वाटर वर्क्स को पानी की सप्लाई दी है, क्योंकि निनान जलघर से जुड़े इलाके में जलसंकट की वजह से ज्यादा दिक्कत है। संभवतया सोमवार को मुख्य जलघर को जलापूर्ति होगी। टैंक भरने तक मुख्य जलघर से जुड़े पुराने शहर के लोगों को पानी की दिक्कत झेलनी पड़ेगी।
--
16 दिन चलेगी नहर, 15 दिन का होगा स्टॉक
जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता सुभाष चंद्र यादव व एसडीओ आरके मुंजाल ने बताया कि रविवार सुबह पानी आ गया। सिंचाई विभाग अगले 16 दिन पानी देगा। 15 दिन का पानी का स्टॉक होगा। इसके बाद अगले एक महीने तक कोई दिक्कत नहीं आएगी।