दुकान पर पहुंचकर पत्नी ने पति की पिटाई
भिवानी। शराबी पति की हरकतों से परेशान पत्नी ने दुकान में घुसकर पति और उसके साथी की परिवार के साथ मिलकर धुनाई की। महिला ने इसके साथ ही सैलून के शीशे तोड़ डाले। करीब दो घंटे तक यह फैमिली ड्रामा चलता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर महिला को घर वापस भेजा।
हांसी गेट पर स्थित सैलून की दुकान पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दो महिला व उसके परिजन पहुंचे। सबसे पहले पत्नी ने दुकान पर बैठे अपने पति की धुनाई करनी शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथी ने छुड़ाना चाहा तो दोनों महिलाओं ने उसकी भी धुनाई कर डाली। हंगामा होता देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साई महिलाओं से पति को छुड़ाने के लिए किसी ने साहस तक नहीं किया।
---
महिला ने कहा, नशे पर उड़ा देता है पूरी कमाई
महिला ने कहा कि पूरा परिवार उसके पति से परेशान है। उसके चार बच्चे हैं। पति शराब व अन्य नशों का आदी हो चुका है, जो भी कमाई होती है, उसे नशे में उड़ा देता है। परिवार चाहे रोटी के लिए तरस रहा हो, लेकिन उसके पति को कोई मतलब नहीं होता। महिला ने कहा कि पुलिस में भी कई बार शिकायत की, लेकिन पुलिस कुछ नहीं करती। जिससे तंग आकर अब उसे यह कदम उठाना पड़ा है।
--
हंगामे के बाद दुकान बंद कर फरार हुआ पति
पत्नी के गुस्से का कहर झेलने के बाद बेचारा पति व उसका पति दुकान बंद कर फरार हो गया। इसके बाद से ही पूरे दिन दुकान बंद रही।