बारह डाक्टरों ने संभाला कार्यभार, 40 का अभी भी इंतजार
भिवानी। लंबे समय से चिकित्सकों की कमी झेल रहे भिवानी जिले को 12 नए डाक्टरों की ज्वाइनिंग से फौरी राहत तो मिल गई है, लेकिन अब भी ओपीडी में लोगों इलाज के लिए परेशानी झेल रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि नवनियुक्त बाकी 40 चिकित्सक कब अपना कार्यभार संभालेंगे। जबकि, ज्वाइनिंग की अंतिम तारीख चार दिसंबर ज्यादा दूर नहीं है।
पिछले महीने राज्य सरकार ने करीब पांच सौ चिकित्सकों की नई भर्ती फाइनल कर स्टेशन अलॉट किए। जिले की पुरानी समस्या को देखते हुए सरकार ने सबसे ज्यादा 52 चिकित्सकों को भिवानी भेजा। आज की तारीख तक केवल 12 चिकित्सकों ने अपना कार्यभार संभाला। नए चिकित्सकों के आने से कुछ लाभ तो लोगों को हुआ, लेकिन परेशानी अब भी जस की तस है। सूत्र बताते हैं कि ज्वाइन करने वाले कई चिकित्सक फिलहाल अवकाश पर हैं।
सोमवार को ओपीडी में इलाज के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने घंटों इंतजार और धक्का-मुक्की के बीच ओपीडी स्लिप बनवाई। इसके बाद चिकित्सक के रूम के बाहर अपनी बारी के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। जीतूवाला जोहड़ क्षेत्र से पवन ने बताया कि इधर लाइन, उधर लाइन में दो घंटे बीत गए और अब तक डाक्टर तक पहुंचना बाकी है।
--
ज्वाइनिंग से पहले तबादले की जुगत में हैं कई
अतीत गवाह है कि सरकार भिवानी में चिकित्सक भेजती है, लेकिन डाक्टर ज्वाइनिंग से कतराते हैं। करीब डेढ़ साल पहले करीब 25 चिकित्सकों को यहां भेजा गया, लेकिन आधे से भी कम ने ज्वाइन किया। जिन्होंने ज्वाइन किया, उनमें से भी आधे कुछ महीने बाद अपना तबादला कराकर अपने पसंद के जिले में चले गए। सूत्र बताते हैं कि नई लिस्ट में यहां भेजे गए कई चिकित्सक ज्वाइनिंग से पहले ही जुगाड़ लगाकर अपने पसंद के स्टेशन पर जाने की फिराक में हैं। यही वजह है कि 52 में से केवल 12 ने ज्वाइन किया।
--
ये आए नए चिकित्सक स्टेशन
1. डा. तनुज कुमार, एमबीबीएस सीएचसी मिरान
2. डा. महिमा बोहरा, एमबीबीएस पीएचसी झुप्पाकलां
3. डा. दीपक, एमबीबीएस पीएचसी हडौदी
4. डा. आरोह शर्मा, एन्सथिसिया च. दादरी
5. डा. प्रदीप कुमार, एमबीबीएस पीएचसी लीलस
6. डा. धर्मेंद्र सिंह, डिप्लो. सीटीबी भिवानी
7. डा. मोनिका देसवाल, एमएस ईएनटी भिवानी
8. डा. रेनूबाला, एमबीबीएस भिवानी
9. डा. विकास गुप्ता, एमडी कम्यू. मेडि. भिवानी
10 डा. राहुल यादव,एमबीबीएस सीएचसी कैरू
11. डा. राजकुमार सुधार, डीसीएच बवानीखेड़ा
12. डा. संदीप,एमबीबीएस सीएचसी, बौंदकलां
नई भर्ती किए चिकित्सकों में से 12 ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। बाकी 40 चिकित्सक भी जल्द ही अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर लेंगे। चार दिसंबर अंतिम तारीख है, उम्मीद है सभी अपना कार्यभार संभाल लेंगे।
डा. आरएस पूनिया, सीएमओ