भिवानी के रोहित ने करनाल के विपुल को दी मात
भिवानी। राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन वीरवार को भीम स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 56 किलोग्राम भार वर्ग में कैथल के सचिन ने अंबाला के दिव्यांशु को हराया। इस वर्ग में भिवानी के रोहित ने करनाल के विपुल का शिकस्त दी।
दूसरे दिन के खेल का शुभारंभ विधायक घनश्याम सर्राफ ने किया। दूसरे दिन अंडर 17 ब्वायज 56 किलोग्राम भार वर्ग में कई मुकाबले कांटे के हुए। कैथल के सचिन ने अंबाला के दिव्यांशु, पानीपत के आकाश ने कुरुक्षेत्र के विनोद, पलवल के विशाल ने जींद के शुभम, रोहतक के मोहित ने रेवाड़ी के लक्षमण, भिवानी के रोहित ने करनाल के विपुल को हराया। 60 किलोग्राम भार वर्ग में कुरुक्षेत्र के विशाल ने गुरुग्राम के अभिसार, रोहतक के आदित्य ने कैथल के विवेक, पंचकूला के आशुतोष ने फरीदाबाद के देवेंद्र, रेवाड़ी के विक्की ने हिसार के रवि, भिवानी के मोहित ने मेवात के हर्ष यादव, फतेहाबाद के रवि ने सोनीपत के अजय को शिकस्त दी।
ओपन 64 किलोग्राम भार वर्ग में भिवानी के सचिन ने यमुनानगर के चंगेज, पलवल के अमन ने पंचकूला के सुधीर, मेवात के वकील ने अंबाला के ध्रुव, सोनीपत के दीपक ने हिसार के रोहित, फतेहाबाद के महेंद्र ने रोहतक के संगीत को हराया और चरखी दादरी के साहिल को वॉक ओवर मिला। 69 किलोग्राम भार वर्ग में करनाल के सोमवीर ने पलवल के शुभम, राई के सौरव ने पंचकूला के अशोक, गुरुग्राम के अंशुल ने महेंद्रगढ़ के विकास मेहरा का हराया। 75 किलोग्राम भार वर्ग में भिवानी के मनीष ने फतेहाबाद के अमन, पलवल के अतुल ने रेवाड़ी के तुषार को पराजित किया।
दर्शक दीघा में जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह, डी. महता, विष्णु भगवान, सूबे सिंह, वेद प्रकाश, प्रवीन कुमार, विनोद कुमार, भूषण सैनी, रणबीर सिंह, रितेश देशवाल, गुरदीप सिंह, देवेन्द्र सिंह व जगदीश कुमार के अलावा अनेक खेल प्रशंसक व विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी उपस्थित थे।
--
प्रतिभाओं को निखारना सरकार का उद्देश्य: सर्राफ
भीम खेल परिसर में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुभारंभ के अवसर पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में छुपी प्रतिभाओं को निखारना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए गांवों में व्यायामशाला और खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है। विधायक ने खिलाड़ियों के रिंग में हाथ मिलवाकर दूसरे दिन के खेल का शुभारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को खेल की भावना से खेलना ही एक अच्छे खिलाड़ी का कर्तव्य है। बाक्सिंग के रिंग में खिलाड़ी को आपसी द्वेष की भावना नहीं रखनी चाहिए।