खस्ता हाल में है रामनगर पार्क
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
प्रशासन की उपेक्षा की वजह से राम नगर कॉलोनी का पार्क बदहाल है। महीनों पहले ग्रिल टूटी थी। यह रिपेयर न होने की वजह से पार्क में लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है। पार्क की लाइट महीनों से खराब हैं। शाम ढलने के बाद पार्क में अंधेरा छा जाता है।
बीटीएम चौक के स्थित राम नगर कॉलोनी में पार्क की स्थिति खराब होती जा रही है। लोगों को घूमने के लिए अन्य पार्कों में जाना पड़ता है। पार्क मेें केवल एक ही स्ट्रीट लाइट है। वह भी खराब है। इस बारे मेें कई बार अधिकारियों से कहा जा चुका है, लेकिन अभी तक स्ट्रीट लाइट को रिपेयर नहीं कराया गया है। पार्क की दीवार भी करीब छह महीने पहले टूट गई थी। यह भी अभी तक टूटी हुई है। इस कारण पार्क में हर वक्त लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है। पार्क में साफ-सफाई नहीं होने से कूड़े के ढेर लगे हैं। कई दिन पहले कॉलोनीवासी ने पार्क की सफाई की थी। लेकिन, उसके बाद न तो सफाई कर्मचारी आता है और न ही चौकीदार इसका ध्यान रखता है। पार्क में मंदिर भी बना है। वहां भी कूड़े के ढेर लगे हैं। प्रशासन उसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
जब पार्क बना था, तब से बैठने की सीट नहीं बनाई। यहां पर पेड़-पौधे कॉलोनी के लोगों ने आपसी सहयोग से लगाए हैं। बच्चों के लिए झूले भी लगाए हैं।
ओमप्रकाश
कॉलोनीवासी
पार्क में न तो लाइट है। न ही बेंच। घूमने के लिए ट्रैकभी नहीं है। कॉलोनी में नगर परिषद् के सफाई कर्मचारी सफाई नहीं करते। आपसी सहयोग से सफाई होती है।
अनिल शास्त्री
पार्क में एक स्ट्रीट लाइट है। वह भी टूटी हुई है। बाद में एक कॉलोनीवासी ने मरकरी लगाई थी। निर्माण के लिए नगर परिषद् से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती।
गुलशन कुमार
कॉलोनीवासी
नप ने यहां एक भी पौधा नहीं लगाया गया है। दीवार की ऊंचाई कम होने की वजह से लावारिस पश़ु पार्क में आ जाते हैं। ग्रिल भी टूटी हुई है।
अश्वनी कुमार
कॉलोनीवासी