भिवानी। रोड़ों से भरे डंपर ने स्कूटी सवार युवा कांग्रेसी नेता दीपेेश की भाभी और बीडीसी के पूर्व चेयरमैन राज कुमार सारसर की पुत्रवधु और उसकी दो बेटियों को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी काफी दूर तक डंपर के साथ घिसटती गई। बाद में डंपर सड़क किनारे पेड़ों में फंस गया। स्कूल सवार मां और दोनों बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। युवा कांग्रेसी नेता दीपेश के बड़े भाई दीपक की 35 वर्षीय पत्नी बबीता, 15 वर्षीय बड़ी बेटी आस्था उर्फ खुशी, 13 वर्षीय यामिनी उर्फ राशि के साथ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल में आ रही थी। बबीता शिक्षा बोर्ड में अनुबंध पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं और उनकी ड्यूटी बोर्ड के ही स्कूल सर्वपल्ली राधाकृष्ण में गार्ड के तौर पर लगाई थी। वहीं उनकी बड़ी बेटी आस्था 10वीं कक्षा और यामिनी आठवीं में पढ़ती थी। सुबह तीनों जब स्कूटी से स्कूल के लिए निकले और घर से बमुश्किल आधा किलोमीटर ही चले थे कि सामने से आ रहे रोडो से भरे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मारी। वह स्कूटी को घसीटते हुए काफी दूर तक लेकर गया और फिर सड़क किनारे उतरकर पेड़ों में फंस गया। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी के टूकड़े-टूकड़े हो गए और महिला और उसकी बेटियों की कुचले जाने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर परिजन और खासी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बवानीखेड़ा थाना पुलिस भी पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मृतका बबीता के देवर दीपेश के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से हादसा करने का केस दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवाया। तीनों का गमगीन माहौल में गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
हादसे में राज कुमार सारसर के बड़े बेटे दीपक का पूरा परिवार ही बिखर गया। दीपक को करीब डेढ़ साल पहले लकवे की शिकायत हो गई थी। ऐसे में परिवार की पूरी जिम्मेदारी बबीता के कंधों पर थी। एएसआई मणिराम ने बताया कि डंपर चालक अभी फरार है। डंपर का नंबर एचआर 39सी 5417 है। मृतका के देवर दीपेश की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है।