चिकित्सा शिविर में 340 लोगों को मिला निशुल्क इलाज और परामर्श
भिवानी। स्वस्थ शरीर, सुरक्षित जीवन के मकसद को लेकर अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वीरवार को गांव धनाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित निशुल्क जांच शिविर का 340 लोगों ने लाभ उठाया। शिविर में वरिष्ठ फिजीशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ व वरिष्ठ दंत चिकित्सक समेत छह डॉक्टरों की टीम ने महिला, बच्चों, बुजुर्ग के स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ जोगीवाला मंदिर के महंत वेदनाथ महाराज ने रिबन काटकर किया। शिविर की अध्यक्षता धनाना पब्लिक स्कूल के एमडी चमनलाल ने की। शिविर में विशिष्ट अतिथि जाटू खाप 84 के प्रधान सूबेदार राजमल व नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानू प्रकाश रहे।
महंत वेदनाथ ने ग्रामीण इलाकों में निशुल्क जांच, इलाज एवं मुफ्त दवाइयां मुहैया कराने की अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम की सराहना की। सीएमओ डॉ. रणदीप सिंह पूनिया ने शिविर का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और ग्रामीणों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। सूबेदार राजमल ने सीएमओ ने स्वागत किया। बाद में सीएमओ ने चिकित्सकों की टीम को सम्मानित किया।
शिविर में सुबह नौ बजे ही मरीजों की कतार लगनी शुरू हो गई। शिविर में टाइफाइड, बीपी, खांसी, शुगर, नेत्र रोगी, जोड़ों के दर्द, हृदय रोगी, दंत मरीज, बुखार, सांस रोगियों सहित गर्भवती महिलाएं इलाज के लिए पहुंची। रोगियों की डॉक्टरों की टीम ने जांच की। जांच के लिए फाउंडेशन की तरफ से मरीजों को मुफ्त में दवाइयां मुहैया कराई गई। सूबेदार राजमल सिंह, सरपंच प्रेम सिंह व पूर्व सरपंच प्रेम धनाना ने अतिथियों का फाउंडेशन की तरफ से स्वागत किया। शिविर में स्वास्थ्य केंद्र के सीनियर मलेरिया इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह, हेल्थ इंस्पेक्टर प्रताप सिंह, स्टाफ नर्स मोनिका व नीरज, जयभगवान, सुशीला, नीलम, शीला, एमपीएचडल्ब्लयू राजकुमार व सुनील के अलावा समाजसेवी अनिल कुमार, डा. ओमप्रकाश, रमेश शास्त्री, धर्मपाल, लीलाराम बागड़ी, विकास घणघस, बलबीर आदि का विशेष सहयोग रहा।
--
198 सामान्य रोगियों की जांच
वरिष्ठ चिकित्सक एवं फिजीशियन डॉ. नितेश गोयल ने बुखार, खांसी, जुकाम, शुगर व बीपी के करीब 198 रोगियों की जांच की। जांच के बाद डॉ. नितेश ने उन्हें उचित परामर्श भी दिया।
--
40 गर्भवती महिला और 50 बच्चों की जांच
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति ने 40 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। इसके साथ ही शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. चंदनलाल ने 50 बच्चों की जांच की। जिसमें डीपीएस धनाना स्कूल के बच्चे भी शामिल हैं।
--
32 दंत रोगियों ने कराया इलाज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी व दंत रोग विशेषज्ञ डा. विशाल ने 32 दंत रोगियों की जांच कर उनका इलाज किया। इसके साथ ही ईएनटी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका देशवाल ने नाक-गला में एलर्जी से पीड़ित 20 रोगियों की जांच की। उन्होंने इसके साथ ही सामान्य रोगियों का भी चेकअप किया।