भिवानी के नागरिक अस्पताल में स्थित शिशु वार्ड।
भिवानी। जिले में अब तक डेंगू के 17 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन जिला नागरिक अस्पताल के डेंगू के वार्ड में कोई मरीज दाखिल नहीं है। हालांकि जिला नागरिक अस्पताल परिसर में ही डेंगू पॉजिटिव मिले छोटे बच्चों के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है। जहां एक बच्चा दाखिल है। जिसका उपचार चल रहा है।
डेंगू पॉजिटिव मिले अधिकतर मरीज ठीक हो चुके हैं। नए संक्रमितों की पहचान के लिए भी स्वास्थ्य विभाग खून के नमूनों की जांच कर रहा है। इसके लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रेपिड फीवर सर्वे चल रहा है। जिसके तहत नए बुखार पीड़ित मरीजों की पहचान की जा रही है।
बारिश के बाद मच्छरों का लारवा तेजी से बढ़ा है। जबकि जिले के कई गांवों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीण दायरे मेें डेंगू का संक्रमण बढ़ने की संभावना है। वहीं ग्राम पंचायतों द्वारा अपने स्तर पर फॉगिंग कराने का काम भी धीमा चल रहा है। जिसकी वजह से भी स्थिति विकट हो सकती है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण दायरे में सभी ग्राम पंचायतों को फॉगिंग कराए जाने के संबंध में निर्देश दे चुका है।
जिले में सात बच्चे भी डेेंगू की चपेट में आ चुके हैं। जिसमें से एक बच्चे का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार भी चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार को ड्राई डे घोषित किया हुआ है। रविवार को लोगों को घरों के अंदर पानी ठहराव वाली जगहों की सफाई करने और कूलर व फ्रीज की ट्रे की सफाई करने की भी हिदायतें दी हैं। इसी के साथ जहां पशुओं के लिए पानी का हौद बना है, उसके पानी की भी सफाई करना जरूरी है, क्योंकि इसके अंदर डेंगू का मच्छर आसानी से पनप सकता है।
डेंगू पॉजिटिव मरीजों के लिए जिला नागरिक अस्पताल में स्पेशल वार्ड बनाया हुआ है। बच्चों के लिए भी अलग से स्पेशल वार्ड है। अब तक 17 डेंगू पॉजिटिव केस मिल चुके हैं, जिसमें से अधिकांश ठीक हो चुके हैं। लोगों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि रविवार को ड्राई डे मनाएं और अपने आसपास व घर के अंदर पानी ठहराव की जगह की साफ सफाई करें ताकि मच्छर का लारवा न पनप सके। -डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।