अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सोमवार को प्रदेशभर में हुई सीनियर सेकेंडरी मैथ विषय की परीक्षा में 111 नकलची पकड़े गए। प्रदेशभर में 1000 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 64000 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। ड्यूटी में कोताही बरतने पर 01 सुपरवाइजर ड्यूटी से रिलीव किया तो प्रतिरूपण का 01 केस दर्ज किया गया। 01 परीक्षा केंद्र शिफ्ट और 04 परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द की गई।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह के उड़नदस्ते ने जिला महेंद्रगढ़ के ग्रामीण/शहरी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किय और एक नकलची पकड़ा। बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद के उड़नदस्ते ने जिला झज्जर के ग्रामीण/शहरी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया और 11 नकलची पकड़े। परीक्षा केंद्र रा.व.मा.वि. मातनहेल-4 (झज्जर) के निरीक्षण के दौरान एक प्रतिरूपण का केस पकड़ा, जिस पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
यहां परीक्षा की रद्द
अत्यधिक बाहरी हस्तक्षेप के कारण बोर्ड अध्यक्ष उडनदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र रा.क.व.मा. विद्यालय, सतनाली-1 (बी-1) एवं रा.व.मा.वि. नावां (महेंद्रगढ़) की परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके अतिरिक्त सहायक निदेशक (प्रशासन) के उडनदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र रा.व.मा.वि. रिटौली-1 (रोहतक) एवं रा.मा.संस्कृति व.मा.वि. बेरी-3 (झज्जर) की परीक्षा रद्द कर दी गई। प्रवक्ता ने बताया कि उप-मंडल प्रश्नपत्र, बल्लभगढ़ के उड़नदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र रा.व.मा.वि. पनेहरा खुर्द में तैनात सुपरवाइजर मंयक, गणित अध्यापक, बाल शक्ति हाई स्कूल, सोहना रोड, बल्लभगढ़ को ड्यूटी में कर्तव्य निर्वहन न पाए जाने के कारण रिलीव कर दिया गया। सहायक सचिव (विशेष परीक्षा) के उड़नदस्ते ने बाहरी व आंतरिक हस्तक्षेप के चलते सेकेंडरी/सीनियर सेकेंडरी के परीक्षा केंद्र रा.क.व.मा.वि. खरकड़ा-2 (बी-2) को 19 मार्च, 2019 की परीक्षा उपरांत परीक्षा केंद्र लिसेयुम मिडिल स्कूल, महम-15 (बी-2) में तबदील किया गया।
किसने पकड़े कितने केस
बोर्ड अध्यक्ष के विशेष उड़नदस्तों ने जिला भिवानी, फरीदाबाद, हिसार, जींद, करनाल एवं सोनीपत के परीक्षा केंद्रों में नकल के 23 केस पकड़े। बोर्ड सचिव के विशेष उड़नदस्तों ने जिला हिसार, सोनीपत एवं पलवल के परीक्षा केंद्रों में नकल के 06 केस पकड़े। रैपिड एक्शन फोर्स ने 11 केस पकड़े और अन्य उड़नदस्तों ने नकल के 59 मामले दर्ज किए गए। ड्यूटी पर कोताही बरतने के कारण रिलीव किए गए स्टाफ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने हेतु शिक्षा विभाग को पत्र लिख दिया गया है।