स्वाइन फ्लू : तीन दिन में 14 नए केस मिले पॉजिटिव
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। जिले में पिछले तीन दिन की रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू के 14 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से चार मरीजों की रिपोर्ट मंगलवार को आई है। एक पॉजिटिव केस विधायक की कॉलोनी बागकोठी से मिला है। इसी के साथ स्वाइन फ्लू पॉजिटिव केसों की संख्या 90 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के घर जाकर परिजनों की जांच कर दवा दी गई। साथ ही आसपास क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, स्वाइन फ्लू पॉजिटिव छह रोगियों की मौत हो चुकी है। बाकी सभी पॉजिटिव मरीज खतरे से बाहर हैं। तीन मरीजों का उपचार सामान्य अस्पताल में चल रहा है।
मंगलवार को सामने आए चार मामलों में एक विधायक की कॉलोनी बाग कोठी, एक पतराम गेट, एक रेस्ट हाउस और एक गोपी गांव से है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ने इन चारों जगह पहुंची और मरीजों के संपर्क में आने वालों की जांच कर दवाईयां बांटीं। अधिकतर पॉजिटिव मरीज शहरी क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों मिले हैं। कुल 90 पॉजिटिव मरीजों में 51 शहरी क्षेत्र से हैं, 39 ग्रामीण क्षेत्रों से हैं।
---
सामान्य अस्पताल से भी फैला संक्रमण
स्वाइन फ्लू फैलने का एक कारण जहां देरी से इलाज शुरू होना है, वहीं सामान्य अस्पताल की ओपीडी में भी मरीज खूब बीमारियां बांट रहे हैं। सामान्य अस्पताल की ओपीडी में औसतन 1400 मरीज रोजाना आते हैं। फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की खासी भीड़ रहती है। यहीं पर बीमार मरीजों की जांच होती है। ऐसे में यदि स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज आता है तो वह भीड़ में इलाज के इंतजार में अन्य लोगों में संक्रमण फैला चुका होता है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वायरस से बचने के लिए पॉजिटिव मरीज से एक फीट की दूरी अवश्य होनी चाहिए मगर ओपीडी में मरीजों के बीच धक्का-मुक्की रहती है, जो गंभीर है।
---
स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीजों की संख्या 90 हो चुकी है। अच्छी बात ये कि सभी ठीक हैं। सिर्फ तीन ही अस्पताल में उपचाराधीन है और उनकी भी हालत ठीक है। हमारे पास करीब तीन हजार टेबलेट हैं। ओपीडी में भीड़ रहती है, ऐसे में संभावना है कि स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज अन्य में भी वायरस बांटे। पहले टोकन सिस्टम शुरू किया था, जो कारगर नहीं रहा। कुछ और व्यवस्था बनाई जाएगी।
डॉ. संध्या गुप्ता, डिप्टी सिविल सर्जन कम नोडल ऑफिसर
स्वास्थ्य विभाग