फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतक रेंज की पुलिस कल्याण गोष्ठी में आईजी से लगाई गुहार

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

भिवानी। हिसार से जुड़कर सीनियरिटी लिस्ट में भिवानी के पुलिसकर्मी बहुत पिछड़ गए हैं। अब तो रोहतक के दो साल जूनियर रहे उनके साथी भी सीनियर हो गए हैं। भिवानी-दादरी जिले के हवलदार, एएसआई और एसआई सभी पदोन्नति में पिछड़े है। यह बात तोशाम थाने से एसएचओ जय सिंह ने रोहतक रेंज की पुलिस कल्याण गोष्ठी में आईजी संदीप खिरवाल के समक्ष रखी। उन्होंने आवाज उठाई तो कुछ अन्य कर्मचारियों ने भी बात रखी। गोष्ठी में पांच जिलों के पुलिस कर्मचारियों ने समस्याएं रखीं।
वीरवार को पंचायत भवन में रोहतक मंडल की कल्याण गोष्ठी हुई। कल्याण गोष्ठी में आईजी रोहतक रेंज संदीप खिरवाल के अलावा रेंज के पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए। गोष्ठी में पदोन्नति का मामला छाया रहा। कर्मचारियों ने कहा कि ट्रांसफर पॉलिसी में प्रावधान हो कि या तो सत्र के शुरूआत में या अंत में ट्रांसफर हो ताकि कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई बाधित ना हो। आईजी ने बताया कि बीच में बहुत कम ही ट्रांसफर किए जाते है। विभिन्न जिलों से आए पुलिस कर्मचारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। साथ ही समाधान के लिए सुझाव भी बताए। इस मौके पर भिवानी के एसपी गंगाराम पुनिया, सोनीपत की एसपी प्रतीक्षा गोदारा, रोहतक के एसपी जसंदीप सिंह रंधावा, झज्जर के एसपी पंकज नैन और चरखी दादरी के एसपी हिमांशु गर्ग भी मौजूद रहे।
विज्ञापन


आईजी अपनी रेंज का परमात्मा : एसएचओ
तोशाम थाना के एसएचओ एसआई जय सिंह ने पदोन्नति सूची में भिवानी के कर्मचारियों के पिछड़ने का मुद्दा उठाया तो वहीं हंसी का माहौल बन गया। एसएचओ ने कहा कि हिसार रेंज में रहते हुए वे सीनियरिटी में पिछड़ गए। अब तो रोहतक के जूनियर कर्मी भी सीनियर हो गए हैं। अब रोहतक रेंज से जुड़े है तो उनकी समस्या का समाधान भी किया जाए। जब आईजी ने कहा कि इसका प्रावधान नहीं है, तो उन्होंने कहा कि आईजी रेंज में कर्मचारियों के लिए परमात्मा होता है। नियम आपके सामने कुछ नहीं। आप चाहें तो सारे रूल धरे रह जाएं। हिसार रेंज में रहते हुए उन्होंने ऐसा कभी नहीं कहा और अन्य कोई अफसर होता तो आज भी नहीं कहते। जिस पर अधिकारी हंसने लगे। आईजी ने कहा कि एक कर्मचारी के लिए यह संभव नहीं और पुराना किसी आधार माने। कोर्स को या टेस्ट को। इस पर एक पुलिसकर्मी अशोक कुमार ने कहा कि कोई बीच-बचाव का रास्ता निकाल लो जनाब।
पुलिस भर्ती के लिए नई यूनिट बनाने के प्रपोजल उच्च अधिकारियों को भेजे : आईजी
रोहतक रेंज के आईजी संदीप खिरवाल ने माना कि आज प्रदेश के पुलिस कर्मचारी तनाव में काम करते हैं। इसी के चलते पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों के व्यक्तिगत कार्यों के लिए उदार रवैया अपनाया है। घरेलू कार्यों के लिए छुट्टियां देने को सरल बनाने, पुलिस कार्य के दौरान उलझनों को दूर करने के लिए उच्च अधिकारियों का मार्गदर्शन देने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि पुलिस के जवान तनाव रहित अपनी ड्यूटी कर सकें। पुलिसकर्मियों की समस्याओं को देखते हुए सिर्फ ऑन रिक्वेस्ट ट्रांसफर ही किए जा रहे हैं तथा अंतर जिला ट्रांसफर में पंजाब पुलिस रूल के अनुसार कार्य किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस की नई यूनिट बनाने के लिए प्रपोजल अलग-अलग स्थानों से उच्च अधिकारियों को भेजे जा चुके हैं।
ये भी रहे सवाल-जवाब
- एसआई सांवरमल : ईएल लॉ एंड आर्डर के कारण नहीं मिल पातीं। जिस कारण छुट्टियां लंबित रह जाती हैं। नियमानुसार 10 महीने की छुट्टियों के ही रुपये मिलते है बाकी के नहीं। या तो छुट्टियां दी जाए या बकाया ईएल के भी रुपये दिए जाए।
आईजी जवाब : लॉ एंड आर्डर की ड्यूटी जरूरी है। बाकी कर्मचारियों की छुट्टियों की मनाही नहीं है। एसपी को भी निर्देश दिए कि वे कर्मचारियों को छुट्टियां दें।
विज्ञापन

-डब्ल्यूआई रोहतक गरिमा : डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में पुलिस कर्मचारियों के बच्चों को कोटा दिया जाए
जवाब: यह संभव नहीं है। हमारा प्रयास है कि सभी बच्चों को समान और बेहतर शिक्षा मिलें।
- पुलिस पब्लिक स्कूल में पढ़े-लिखे पुलिस कर्मियों को नौकरी में प्राथमिकता दी जाए
जवाब : यह संभव नहीं है। योग्यता के आधार पर भर्तियां होती हैं।
-एसपीओथ के बस पास बनाए जाए
जवाब: यह अलाउड नहीं है। फिर भी इस बारे में सुझाव उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
-ईएएसआई सुरेश : अब पदोन्नति या किसी टेस्ट का मौका ही नहीं दिया गया
जवाब: अगर आपको मौका नहीं मिला है तो इस बारे में फाइल तैयार कर देना।
-स्कॉलरशिप का पैसा नहीं आया जो कि छह लाख 47 हजार है
जवाब: इस बारे में उच्च अधिकारियों से बात करेंगे।
-कांस्टेबल स्वतंत्र, गोहाना : ज्वाइनिंग के समय स्नातक कर रहा था। अब फाइनल लंबित है। पहले अनुमति नहीं दी गई।
जवाब: पढ़ो-पढ़ो, तुम्हें मेरी तरफ से पर्सनली तौर पर परीक्षा देने की स्वीकृति है।
- सिपाही सोमबीर : 2014-15 में सी टेस्ट पास किया था। अब तक पदोन्नति नहीं हुई जबकि वहीं टेस्ट पास करने वाले गुरुग्राम, फरीदाबाद, जीआरपी में पदोन्नति हो चुकी है।
जवाब : इस बारे में विचार किया जाएगा।

इन मुद्दों पर भी हुआ विचार
-पुलिस कर्मचारियों/अधिकारियों के पहचान पत्र तीन साल बाद बदले जाए। इनके लुक में भी बदलाव किया जाए ताकि कोई गलत फायदा ना उठा सके।
-पुलिस लाइन भिवानी बाजार से काफी दूर है। ऐसे में पुलिस लाइन में पहले की तरह सेंट्रल पुलिस कैंटीन खोली जाए।
-चरखी दादरी में भी डीएवी पुलि पब्लिक स्कूल खोला जाए।
-जिला में पुलिस अस्पताल खुलवाए जाए
- जिला में सरकारी समारोह व पुलिस कर्मचारियों के बच्चों की शादी समारोह के लिए कम्यूनिटी सेंटर खुलवाया जाए ।
- शहर दादरी और बाढड़ा के थाना भवनों के नवीनीकरण करवाया जाए ।
- दादरी में महिला थाना पुलिस कर्मचारियों के लिए रिहायशी व्यवस्था की जाए ।
- भिवानी पुलिस लाइन में सीवर और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करवाई जाए ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें