खनन कार्य में मनमानी के विरोध में अनशन पर बैठे युवाओं का महिलाओं ने दिया समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम। खनन कार्य में मनमानी किए जाने, रोजगार न देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर युवा एकता संगठन खानक के युवाओं का अनिश्चितकालीन अनशन जारी है। मंगलवार को अनशन स्थल पर गांव की महिलाओं एवं पुरुषों ने भी पहुंचकर युवाओं का समर्थन किया और जमकर नारेबाजी की। युवाओं ने दोहराया कि आखिरी सांस तक संघर्ष जारी रहेगा।
संगठन प्रधान सुनील भादू ने कहा कि गांव के हालात काफी खराब हैं। प्रदूषण से बुरा हाल है। गांव के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार के बाद मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी अनशन स्थल पर गांव की सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों ने पहुंचकर अनशन पर बैठे युवाओं का हौसला बढ़ाने का काम किया। युवा एकता संगठन कि खानक में चल रहे खनन कार्य में गांव के युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार देने, भारी ब्लास्टिंग से मकानों में आई दरारों को लेकर मुआवजा दिया जाए। खनन कार्य में चल रही मनमानी तुरंत प्रभाव से बंद हो। खनन के चलते गांव खानक में पीएचसी बनाए जाने, हर पखवाड़े गांव में मेडिकल कैंप लगाने, गांव के दिव्यांगों को ट्राई साइकिल या स्कूटी दिए जाने, खनन कार्य से फैल रहे प्रदूषण को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाने सहित पहाड़ की तलहटी में हो रही ब्लास्टिंग बंद करने, एचएसआईआईडीसी व केएससी कंपनी द्वारा भाई-भतीजावाद के तहत लगाए गए लोगों को तुरंत प्रभाव से हटाए जाए आदि मांगें हैं।