डीएसपी कार्यालय के स्थानांतरण के मुद्दे पर लामबंदी शुरू
लोहारू। सामाजिक संस्था जन अधिकार संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को क्षेत्र के दर्जन भर गांवों का दौरा कर लोगों से डीएसपी कार्यालय के तोशाम स्थानांतरण के मुद्दे पर एकजुट होने का आह्वान किया। ग्रामीणों से चलाये जाने वाले आंदोलन में अपना पूरा सहयोग देने की अपील की।
समिति के अध्यक्ष विजय गुरावा, रामसिंह कटारिया, बबिंद्र शेखावत, भरत सिंह, बालकिशन, सतेंद्र बड़दू आदि ने शनिवार को क्षेत्र के सोहासड़ा, ढ़ाणी गंगाविसन, ढ़ाणी ढ़ोला, अहमदवास खेड़ा, बिसलवास , गागड़वास सहीत एक दर्जन गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को लोहारू के डीएसपी कार्यालय को तोशाम स्थानांतरण किए जाने की पूरी जानकारी दी। विजय गुरावा ने कहा कि एक साजिश के तहत लोहारू के साथ भेदभाव का रवैया अपनाया जा रहा है। लोहारू राजस्थान से सटा हरियाणा का प्रवेश द्वार होने के साथ- साथ प्रदेश के पुराने उपमंडलों में से एक है। ऐसे में सरकार को जहां लोहारू के विकास पर पूरा ध्यान देना चाहिए वहीं प्रदेश के मानचित्र में पिछड़ा ही रहने देना चाहती है। लोहारू में करीब 30- 35 वर्ष पूर्व डीएसपी कार्यालय की स्थापना की गई थी जिसे अब सरकार द्वारा तोशाम स्थानांतरण किया जा रहा है। यदि सरकार मंगलवार तक लोहारू के डीएसपी कार्यालय में स्थायी रूप से डीएसपी की तैनाती के साथ- साथ इस कार्यालय का जो भी सामना तोशाम भेजा गया है वह वापस नहीं भेजा तो बुधवार को जन अधिकार संघर्ष समिति क्षेत्र की जनता द्वारा प्रस्तावित संघर्ष में बराबर हिस्सेदार रहेगी। उन्होंनेे बताया कि लोहारू के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव एवं अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।