अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। राज्य स्तरीय 31वीं पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के पहले दिन रोचक मुकाबले हुए। शुरुआती मुकाबलों में हिसार का दबदबा रहा। 53 किलोग्राम भार वर्ग में हिसार के पवन और 59 किलो में कपिल ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य संसदीय सचिव श्याम सिंह राणा ने किया।
भीम स्टेडियम में शनिवार को राज्यभर के खिलाड़ियों ने दम दिखाया। देर शाम आए पहले नतीजे में 53 किलो ग्राम भारवर्ग के जूनियर वर्ग में हिसार के पवन कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। कैथल के भारत गोस्वामी दूसरे और सोनीपत के लोकेश तीसरे स्थान पर रहे। 59 किलो ग्राम जूनियर वर्ग में हिसार के कपिल पहले स्थान, पलवल के रोहित दूसरे स्थान और पलवल के ही अरुण तीसरे स्थान पर रहे। 59 किलोग्राम सीनियर भार वर्ग में प्रमोद कुमार फरीदाबाद पहले स्थान, अक्षयदीप करनाल दूसरे स्थान और शिवकुमार कुरुक्षेत्र तीसरे स्थान पर रहे।
इससे पहले खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राणा ने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है। यहां के बच्चे वजन उठाना बचपन से ही सीख जाते हैं। महिलाएं सुबह उठकर पशुओं को चारा डालना, गोबर उठाना आदि कार्य करती हैं तो उनका वजन उठानेे का अभ्यास हो जाता है। उन्होंने कहा कि खेलों को खेल भावना से ही खेलना चाहिए। जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह ने मुख्य संसदीय सचिव का स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया, मीना परमार, हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव नरेश मलिक, गोपाल कृष्ण, जगदीश चन्द्र, चगदीश गोयत, सुभाष तंवर, सुनील वर्मा नंबरदार, विक्रम लखेरा, प्रो. भूप सिंह चौहान, डॉ. कुलदीप आर्य आदि मौजूद रहे।