लोहारू सरपंच एसोसिएशन दो फाड़ : नए गुट ने सरपंच जितेंद्र सिंह को चुना नया प्रधान
अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू
लोहारू खंड सरपंच एसोसिएशन शनिवार को उस समय दो फाड़ नजर आई जब एक गुट ने क्षेत्र के ढ़िगावा मंडी कस्बे के विश्राम गृह में बैठक कर नए प्रधान का ऐलान कर दिया। वहीं एसोसिएशन के दूसरे गुट ने इस बैठक को ही अवैध करार दिया है।
गौरतलब होगा कि लोहारू ब्लाक के 39 सरपंचों ने बीते वर्ष सिंघानी गांव के सरपंच सुरेंद्र राठी को अध्यक्ष चुनते हुए लोहारू सरपंच एसोसिएशन का गठन किया था। इस दौरान गत 27 जून को लोहारू बीडीपीओ कार्यालय परिसर के मीटिगं हॉल में एसोसिएशन की बैठक भी संपन्न हुई थी, जिसमें एसोसिएशन दो फाड़ नजर आई थी। हालांकि, इस बैठक में मौजूद करीब 25 सरपंचों ने सुरेंद्र राठी को ही पुन: एसोसिएशन का अध्यक्ष घोषित किया था। बैठक के एक सप्ताह बाद एसोसिएशन के दूसरे गुट ने शनिवार को ढ़िगावा मंडी के विश्राम गृह में सरपंचों की बैठक बुलाकर क्षेत्र के झांझड़ा हसनपुर गांव के सरपंच जितेंद्र सिंह को एसोसिएशन का नया प्रधान चुन लिया। इस बैठक में नये गुट द्वारा 39 में से 22 सरपंचों के के समर्थन का दावा करते हुए सरपंचों के हस्ताक्षर करवा कर नए प्रधान के रूप जितेंद्र सिंह का चयन किए जाने का प्रेस नोट तक जारी किया है। उक्त बैठक में उपस्थित लोहारू खंड के 22 सरपंचों द्वारा जारी हस्ताक्षरयुक्त एक पत्र में कहा गया है कि लोहारू सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र राठी पर उनका कोई विश्वास नही है अत: इस बैठक में वो झांझड़ा हसनपुर के सरपंच जितेंर्र सिंह को अपना नया प्रधान चुनते है। इस मौके पर नकीपुर गांव के सरपंच विरेंद्र सिंह को भी उपस्थित सरपंचों ने अपना उप प्रधान चुना है। उक्त बैठक में सोहससड़ा के सरपंच रणधीर सिंह, झांढड़ा हसनपुर सरपंच जितेंद्र सिंह, ढ़ाणा जोगी से जयभगवान, पहाड़ी से संतुराम सहित लोहारू खंड के 22 गांवों से सरपंच मौजूद थे।
--
पार्टी विशेष के समर्थकों की थी बैठक: राठी
सरंपच एसोसिएशन के दूसरे गुट के अध्यक्ष सुरेंद्र राठी ने कहा कि लोहारू खंड के 22 सरपंचों द्वारा शनिवार को ढिगावा में की गई बैठक की लोहारू खंड के सभी सरपंचों को जानकारी नहीं है इसलिए इस बैठक को लोहारू खंड के सरपंचों की बैठक नहीं कहा जा सकता। यह बैठक एक पार्टी विशेष के समर्थन सरपंचों की बैठक जरूर हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि वो आज भी लोहारू सरपंच एसोसिएशन के चुने हुए अध्यक्ष है तथा आज भी बहुमत उनके पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि उक्त चुनाव की जानकारी बारे जारी प्रेस नोट में कुछ सरपंचों के हस्ताक्षर पर उन्हे संदेह है तथा इसका खुलासा समय आने पर हो जाएगा।
फोटो : 16
कैप्शन- ढिगावा मंडी में संपन्न सरपंचों की बैठक में मौजूद सरपंच एवं अन्य लोग।