भिवानी। खानक पुलिस नाके पर तैनात एक एएसआई की बीती देर रात सवा नौ बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। मृतक तोशाम पुलिस थाने में तैनात था। मौत का कारण हृदयघात बताया जा रहा है।
हिसार जिले के गांव मंगाली निवासी 52 वर्षीय एएसआई कीमतीलाल पिछले पांच महीनों से तोशाम पुलिस थाने में बतौर एएसआई कार्यरत था। जबकि एक सप्ताह पहले ही उसकी ड्यूटी खानक पुलिस नाके पर लगाई गई थी। शुक्रवार देर रात सवा नौ बजे एएसआई की ड्यूटी के दौरान ही अचानक तबीयत बिगड़ गई और साथी कर्मचारी उसे एंबुलेंस में भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो बच्चों का पिता था। उसका बेटा बैंक में नौकरी करता है, जबकि बेटी भी शादीशुदा है। पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर किशोरीलाल ने बताया कि मृतक कीमतीलाल उसका चचेरा भाई था। उसकी सर्विस के छह साल बचे थे। उसका अधिकांश कार्यकाल सिवानी औ तोशाम इलाके के पुलिस थाने व चौकियों में ही बीता है। वहीं तोशाम पुलिस थाने के जांच अधिकारी गौरीशंकर ने शव का शनिवार सुबह भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।