ट्रक ने ट्रांसफार्मर को मारी टक्कर, मुख्य बाजार और कॉलोनियों की बिजली हुई गुल
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शहर में शुक्रवार रात को डेढ़ बजे तूड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक ने वैश्य सीनियर सेंकेंडरी स्कूल के सामने ट्रांसफार्मर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि खंभों के ऊपर रखा ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गिरा। ट्रांसफार्मर गिरने से लोहारू रोड, शिवनगर कालोनी, जोगी वाला मंदिर, दिनोद गेट, वैश्य स्कूल, काट मंडी, पुरानी आटो मार्केट की बत्ती गुल रही। करीब तीन घंटे तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
ट्रांसफार्मर गिरने से लोहारू रोड के साथ लगती कई कालोनियों की बत्ती गुल रही। सुबह लोगों को सूचना मिलती तो लोगों ने बिजली निगम को जानकारी दी। निगम के सदस्यों को जानकारी मिलते ही निगम के कर्मचारी मौके का मुआयना करने पहुंचे तो मौके पर तूड़ी गिरा हुआ मिला। निगम के कर्मचारियों ने तुरंत बिजली लाइन कटवा ट्रांसफार्मर को सही जगह पर पहुंचाने की कार्यवाही शुरू कर दी।
--
इन क्षेत्रों में रही बिजली बाधिथ
लोहारू रोड, शिवनगर कॉलोनी, जोगी वाला मंदिर, दिनोद गेट, वैश्य स्कूल, काठ मंडी, पुरानी आटो मार्केट मेें दिनभर बत्ती गुल रही। लोगों को तीन घंटे तक बिजली का इंतजार करना पड़ा।
---
रात को ही बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रांसफार्मर को टक्कर मारने वाले ट्रक चालक के खिलाफ सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। बिजली निगम टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगा दिया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
- जिले सिंह, जेई, कृष्णा कालोनी एरिया