सीसीटीवी लगाने वाले निजी स्कूलों में ही बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सात मार्च से सीनियर सेकेंडरी और आठ मार्च से सेकेंडरी की परीक्षाएं आरंभ होने जा रही हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने निर्णय लिया है कि जिन निजी स्कूलों ने अपने यहां सीसीटीवी कैमरे लगाकर 15 जनवरी तक रिपोर्ट की है, उन्हीं स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। ऐसे में निजी स्कूलों में बनने वाले परीक्षा केंद्रों में परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की नजर में होंगी। करीब 35 स्कूल ऐसे हैं, जिन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगवाकर या ठीक करवाकर बोर्ड में रिपोर्ट की है। पिछले वर्ष सीसीटीवी नहीं होने के कारण और सीसीटीवी खराब होने के कारण कई स्कूलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए। इनमें पहले परीक्षा केंद्र बनते आ रहे थे, लेकिन पिछले वर्ष नकल की आशंकाओं के चलते इनमें सेंटर नहीं बनाए गए। इस बार भी नकल रहित परीक्षाएं कराने के लिए योजना बनाई जा रही है। इसी कड़ी में सिर्फ उन्हीं निजी स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
---
दो साल में अधिकतर निजी स्कूलों ने लगवाए सीसीटीवी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्र हटाने, कोर्ट के निर्देशों के बाद प्रदेश के अधिकतर निजी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लग गए हैं। लेकिन काफी अभी भी ऐसे हैं, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार प्रदेशभर के सभी मुख्य निजी स्कूलों में सीसीटीवी लगे हुए हैं और वहां परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
---
1700 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे साढ़े सात लाख परीक्षार्थी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सात और आठ मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में करीब 1700 केंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और परीक्षा केंद्रों बनाने के लिए स्कूलों का चयन किया जा रहा है। इस बार करीब साढ़े सात लाख परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षाएं देंगे।
---
सात और आठ मार्च से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। 15 जनवरी तक सीसीटीवी कैमरे लगाकर बोर्ड मुख्यालय में सूचना देने वाले स्कूलों में ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। पिछले वर्ष जहां-जहां थे वहां तो परीक्षा केंद्र रहेंगे ही। जो परीक्षा केंद्र पिछले वर्ष कट किए गए थे। उनके लिए यह निर्देश है। हमारा प्रयास है कि नकल रहित परीक्षाएं करवाई जाएं।
- डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड