अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
चार जिलों की सात दिवसीय सेना भर्ती रैली बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन करीब 30 प्रतिशत युवा मेडिकल टेस्ट देने नहीं आए। करीब 3600 ने दौड़ में हिस्सा लिया, केवल 409 ही पास हो पाए।
बुधवार को तिगड़ाना गांव के राजीव गांधी खेल परिसर में शुरू हुई सेना रैली भर्ती में युवाओं ने दमखम दिखाया। हर रोज तीन तहसीलों के युवाओं की जीडी और क्लर्क के लिए भर्ती हो रही है। 22 मई तक चलने वाली इस भर्ती रैली के लिए 26 हजार युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले करीब 5300 युवाओं को मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया, लेकिन इनमें से 3600 के लगभग युवा ही टेस्ट देने के लिए हाजिर हुए। इन युवाओं ने 1600 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। केवल 409 युवा ही इस दौड़ में पास हो सके।
भर्ती अधिकारी कर्नल अजीत पिल्लई का मानना है कि बड़ी संख्या में भर्ती में न आने के पीछे कई कारण हैं। इनमें सख्त नियम खासकर आधार लिंक, मल्टी डोप टेस्ट जैसे कदम के चलते शायद संख्या घटी होगी। उन्होंने बताया कि गर्मी के मद्देनजर डीसी, सीटीएम की ओर से अच्छे इंतजाम किए गए। पंखे, कूलर और पानी के बेहतर इंतजाम किए गए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कर्नल पिल्लई ने बताया कि इस भर्ती रैली में दलालों से भी सावधानी बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि कैमरों की निगरानी, सेना इंटेलीजेंस व पुलिस व पंचायत सतर्क है। उन्होंने कहा कि जब तक पैसा देने वाला होगा तो लेने वाला भी होगा। ऐसे में भर्ती होने वाले युवकों को दलालों से बचना चाहिए।
एसपी ने किया दौरा
सुरक्षा को लेकर एसपी गंगाराम पूनिया ने भर्ती रैली का पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां 132 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं और पांच नाके बनाए गए हैं।