वेतन में देरी पर अध्यापकों ने जताया विरोध
बहल।
मार्च माह का वेतन नहीं दिए जाने को लेकर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से जुड़े अध्यापकों ने रोष जताया। अध्यापकों ने कहा कि अप्रैल माह आधा बीत गया है लेकिन अभी तक मार्च माह का वेतन नहीं मिल पाया है, जिससे वे भारी परेशानी झेल रहे हैं। अध्यापकों ने शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन दिया।
मंगलवार को संघ से जुड़े अध्यापकों ने डिजिटल हस्ताक्षर प्रक्रिया को लेकर मार्च माह का वेतन नहीं दिए जाने पर सरकार की कड़ी आलोचना की। अध्यापकों ने कहा कि जब तक प्रक्रिया पूर्ण नहीं होती तब तक उनको पहले की तरह से वेतन दिया जाए तथा उनका वेतन रोककर उनको परेशान न किया जाए। उन्होंने वेतन जारी करने को लेकर खंड शिक्षा कार्यालय में मुख्य सचिव धीरा खंडेलवाल के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अध्यापकों ने वेतन जारी करने के अलावा कच्चे कर्मचारियों को पक्का किए जाने, समान काम के लिए समान वेतन दिए जाने, रिक्त पदों को तुरंत प्रभाव से भरे जाने व पुरानी पेंशन योजना को लागू किए जाने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड प्रधान प्रहलाद सिंह ने की जबकि संचालन मा. संजय ने किया। इस अवसर पर जिला उपप्रधान अनिल श्योराण, राजेश राहड़, चंद्र सिंह, संजय, नरेश, सत्यवान, बलवान, सोमबीर, विनीत, अजीत सिंह सहित अनेक अध्यापक मौजूद रहे।
फोटो : 06
कैप्शन :- मार्च माह का वेतन जारी करने के लिए ज्ञापन सौंपते हुए अध्यापक।