अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
श्री गोशाला ट्रस्ट भिवानी की ओर से संचालित गोशाला का पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने निरीक्षण कर घायल पशुओं के लिए उपचार प्रबंधों का जायजा लिया।
रविवार को एसपी सुरेंद्र भौरिया गोवंश के उचित रखरखाव और उपचार विधि के बारे में ट्रस्ट के पदाधिकारियों से जानकारी ली। गोशाला के अध्यक्ष मोहनलाल बुवानीवाला ने एसपी को बताया कि 18 जुलाई 2017 से मार्च 2017 तक लगभग आठ सौ घायल गोवंश का उपचार किया जा चुका है, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो चुके 752 गोवंश को गोशाला में उपचार दिया गया। उन्होंने बताया कि गोशाला में मुख्य तौर पर भारतीय गाय की चार नस्ल साहीवाल, थारपारकर, हरियाणा नस्ल व शंकर नस्ल का संरक्षण किया जा रहा है। चार हजार 650 गोवंश का पालन पोषण किया जा रहा है। गोवंश की व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां चार ब्रांच हैं। करीबन 20 एकड़ में फैली भिवानी गोशाला में गोबर गैस प्लांट भी अपने अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने के बाद यहां गैस और बिजली उत्पादन भी संभव हो पाएगा।
मोहनलाल बुवानीवाला व गोशाला के सलाहकार डॉ. मुरलीधर शास्त्री ने गोशाला के बारे में बताया। इस अवसर पर गोशाला ट्रस्ट के वरिष्ठ उपप्रधान रामकुमार गोयल, उपप्रधान कमल प्रसाद, सचिव विजय कुमार गोयल, सह सचिव सुरेंद्र जिंदल, प्रेम प्रकाश, अग्रवाल वरिष्ठ ट्रस्टी प्रेमचंद गोयल, सलाहकार डॉ. मुरलीधर शास्त्री, रामनिवास सिवानी, रामनिवास विजय प्लास्टिक वाले, रामचंद्र मित्तल, डॉ. मोहनलाल आदि मौजूद रहे।