सड़क हादसे में बलियाली निवासी युवक की मौत
बवानीखेड़ा।
हांसी भिवानी मार्ग पर सोमवार देर रात हांसी से आ रहे बलियाली निवासी गुरदीप की गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि गुरदीप के दोस्त अनिल की शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उसके दोस्त अनिल ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर रात वो और गुरदीप मोटर साइकिल से बलियाली आ रहे थे। हांसी भिवानी मार्ग पर बवानीखेड़ा से कुछ पहले होटल पर उनकी खाना खाने की इच्छा हुई। मोटर साइकिल को होटल पर खड़ा कर गुरदीप पेशाब करने के लिए जैसे ही चला तो सामने से आ रही स्कार्पियो ने उसे टक्कर मार दी। स्कार्पियो भी अपना संतुलन खोकर गड्ढे में जा गिरी। गुरदीप इस हादसे में बुरी तरह घायल हो गया। उसे लोगों की मदद से बवानीखेड़ा के सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अनिल ने बताया कि गुरदीप ने भिवानी ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।