अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पटेल नगर के मुख्य मार्ग लक्ष्मी बीकानेर के पीछे के मार्ग पर लगे गंदगी के ढ़ेरों पर शनिवार को कॉलोनीवासी भड़क गए। नारेबाजी कर रोष जताया और तुरंत कचरे के ढ़ेर हटवाने की मांग की।
पिछले लंबे समय से यहां कचरे के ढ़ेर लगे हैं। कचरे का उठान कई-कई दिन बाद होता है। रणवीर भाट्टी ने बताया कि पिछले काफी दिनों से सड़क पर गंदगी का ढेर लगा हुआ है। हर रोज इस मार्ग से हजारों लोग आते-जाते हैं। स्कूली बच्चे जाते हैं। इसके बावजूद भी नगर परिषद की ओर से कचरे का उठान नहीं हो रहा। यहां कुछ कोचिंग सेंटर भी हैं, जहां बच्चों को आने के लिए पहले गंदगी के ढेर से गुजरना पड़ता है। यहां दुर्गंध का आलम यह है कि सांस लेना भी दूभर है।
हांसी गेट पर जाम लगने या ज्यादा भीड़ होने की सूरत में अधिकतर लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं। पार्षद व प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार शिकायत की मगर समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। अब हालात ये हैं कि बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। अगर बीमारी फैलती है तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेवार होगा। कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी कि दो दिन में गंदगी का उठान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। इस मौके पर बिशंबर दयाल, रवींद्र कुमार, सुरेश सैनी, सुनील किराड़, विशाल, पवन, पूनम, प्रमोद, अर्पित, धर्मवीर, सुमित्रा, आरजू, नेहा, मुस्कान, बबीता, ज्येाति, कमल आदि मौजूद रहे।