भिवानी। गांव खरक कलां के समीप एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले परिवार की 14 साल की लड़की की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसे तत्काल नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। खरक कलां पुलिस चौकी की टीम ने शव का सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं इस संबंध में मृतका के पिता के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला की रहने वाली रागिनी की रविवार शाम को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रागिनी दो भाइयों और दो बहनों में एक थी।
पिता सुलेंद्र ने बताया कि बेटी के अचानक पेट में दर्द उठा था। इसके बाद उसे उपचार के लिए लेकर अस्पताल पहुंचे थे। जहां उसकी बेटी ने दम तोड़ दिया। खरक कलां पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एचसी प्रहलाद ने बताया कि मृतका के पिता के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है वहीं इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। संवाद