फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: एशियाई खेलों में लोहा मनवाने वाले हरियाणा 132 खिलाड़ियों पर हुई 189 करोड़ 38 लाख की धन वर्षा

Sat, 31 Oct 2026 01:58 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
भीम स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में एशियाई खेलों एवं पैरा एशियाई खेलों के पदक विजेता खिला
विज्ञापन
भिवानी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पदक कुछ क्षणों में खिलाड़ी के गले में डलता है, लेकिन उसे हासिल करने के लिए खिलाड़ी अपना जीवन लगा देता है। इन पदकों के पीछे वर्षों का अभ्यास, अनगिनत त्याग और हार के बाद फिर उठ खड़े होने का हौसला है। भिवानी की धरती पर गूंज रही तालियां सिर्फ पदकों के लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत वर्षों की तपस्या, त्याग और उस अटूट संकल्प के लिए भी हैं, जिसने भारत का तिरंगा एशिया के खेल मैदानों में ऊंचा किया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों के संयुक्त सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने भिवानी जिले के विकास को गति देने के लिए 142 करोड़ की लागत की आठ परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 133 करोड़ 66 लाख की लागत के 6 उद्घाटन तथा 8 करोड़ 46 लाख की लागत के 2 शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने भीम स्टेडियम में खेलों की अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए 50 करोड़ की राशि देने की घोषणा की।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल खिलाड़ियों का ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के त्याग एवं समर्पण का भी सम्मान है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि एशियाई खेलों में भारत ने 85 पदक जीतकर चौथा स्थान प्राप्त किया। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 32 पदकों का योगदान दिया, जिनमें 14 स्वर्ण पदक शामिल हैं। यानी भारत के हर तीन स्वर्ण पदकों में से दो हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 114 पदक जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण सहित 31 पदक जीते, यानी देश के लगभग 30 प्रतिशत स्वर्ण पदक हमारे पैरा खिलाड़ियों के नाम रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों में हरियाणा के अनेक सितारे चमके। मुक्केबाजी में अंकुश पंघाल और परवीन हुड्डा ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजेल्सि ओलंपिक 2028 का टिकट पक्का किया और इन टीमों की ताकत में हरियाणा के खिलाड़ियों का बड़ा योगदान है। कुश्ती में भारत का यह प्रदर्शन वर्ष 1962 के बाद एशियाई खेलों में सबसे बेहतरीन रहा। पैरा खेलों में सुमित अंतिल और प्रणव सूरमा की सुनहरी जीत ने पूरे देश को रोमांचित कर दिया।
-
भिवानी की धरती ने भारतीय मुक्केबाजी को दी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनी क्यूबा कहलाने वाले भिवानी ने भारतीय मुक्केबाजी को उसकी पहचान दी है। विजेंद्र सिंह, अखिल कुमार, जितेंद्र कुमार, नीतू घणघस, जैस्मिन लम्बोरिया, प्रीति पंवार, साक्षी चौधरी और प्रिया घणघस जैसे मुक्केबाजों ने दुनिया के मंच पर भिवानी का नाम रोशन किया है। इन सफलताओं के पीछे यहां के प्रशिक्षकों और उन परिवारों की साधना है, जिन्होंने खेतों में पसीना बहाते हुए भी बच्चों के सपनों को पंख दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल शक्ति किसी एक जिले या खेल तक सीमित नहीं है। कुश्ती, मुक्केबाजी, हॉकी, कबड्डी, एथलेटिक्स, शूटिंग और तीरंदाजी से लेकर पैरा खेलों तक हमारे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। हमारी बेटियां भी हर मैदान में आगे बढ़ रही हैं, पदक जीत रही हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
विज्ञापन


132 खिलाड़ियों को 189 करोड़ 38 लाख रुपये के नकद पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 132 खिलाड़ियों को कुल 189 करोड़ 38 लाख के नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया है। साथ ही, पात्र खिलाड़ियों को हरियाणा की खेल नीति के अनुसार सरकारी नौकरियों के ऑफर लेटर भी दिए जा रहे हैं। खिलाड़ी जब देश का मान बढ़ाता है, तो देश और प्रदेश का भी दायित्व है कि उसके सम्मान, सुरक्षित भविष्य और सपनों की चिंता करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ग्रुप-ए, बी और सी की सरकारी नौकरियां दी हैं। हाल ही में खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन किया है, जिसके तहत हरियाणा स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए खिलाडय़िों को अग्रिम राशि देने का प्रावधान भी किया है, ताकि पैसे की कमी किसी खिलाड़ी की ट्रेनिंग में बाधा न बने।

खेलों के बुनियादी ढांचे पर खर्च किए एक हजार 100 करोड़ रुपये
नायब सिंह सैनी ने कहा कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रदर्शन के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं भी चाहिए। पिछले 12 वर्षों में खेलों के बुनियादी ढांचे पर लगभग एक हजार 100 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। खेल विभाग का बजट वर्ष 2013-14 के 163 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 668 करोड़ 42 लाख रुपये किया है। खिलाडड़ियों को चोट से उबरने और बेहतर प्रदर्शन के लिए वैज्ञानिक सुविधाएं देने हेतु पंचकूला के ताऊ देवीलाल खेल परिसर में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से ए-स्टार उन्नत वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया है। यह केंद्र खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और रिकवरी को नई मजबूती प्रदान करता है।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें