अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर रोक लगाने के लिए बोर्ड प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इसके बावजूद भी शहरी परीक्षा केंद्रों के साथ साथ ग्रामीण इलाके के परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप नहीं थम रहा है। शनिवार को हुई परीक्षा के हिंदी के पेपर में भी जमकर नकल हुई। परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देने आए विद्यार्थियों के साथ नकल कराने के लिए भी युवाओं का झुंड साथ आया। इन युवाओं ने परीक्षा केंद्र के अंदर किए गए प्रबंधों को भी तोड़ डाला और खिड़की व दरवाजों से नकल पर्चियां अंदर फेंकी। शनिवार को हिंदी की परीक्षा में भी नकल कर रहे विद्यार्थियों के उडनदस्तों के अधिकारियों ने यूएमसी बनाए।
शनिवार को बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने भी ड्यूटी में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से रिलीव करते हुए सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी दे रहे कर्मचारी ईमानदारी से काम करें और नकल को रोकने के पुख्ता प्रबंध करें। उन्होंने ड्यूटी में कोताही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भी शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है। बोर्ड प्रशासन द्वारा इस बार दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं को नकल रहित कराने के लिए कदम उठाए गए थे। मगर इन परीक्षाओं के पहले ही दिन परीक्षा केंद्रों में नकल कराने आए युवाओं ने इन दावों की हवा निकाल दी। अब तक बोर्ड की दो परीक्षाएं हुई हैं, जिनमें परीक्षार्थियों ने जमकर नकल की।
एसपी ने दिए परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में परीक्षा केंद्रों के बाहर जुटने वाली भीड़ पर नियंत्रण पाने व परीक्षा के अंदर बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए शनिवार को जिला पुलिस कप्तान गंगाराम पूनिया ने पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उसने कहा कि सभी पुलिस थाना प्रबंधक अपने अंतर्गत आने वाले परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाए और नकल कराने का प्रयास करने वाले युवाओं पर कार्रवाई करते हुए उन्हें परीक्षा केंद्र से दूर रखे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर ड्यूटी में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।