बासिया भवन से लघु सचिवालय तक लगी 73 एलईडी लाइट
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बासिया भवन से लघु सचिवालय परिसर मार्ग पर अब अंधेरे से लोगों को परेशानी नहीं होगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने इस मार्ग पर 73 एलईडी लाइटें लगवाई हैं। जिनका काम लगभग पूरा हो चुका है। इन लाइटों को अब बिजली से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। जिसके बाद यहां अंधेरे में लूटपाट और हादसों का डर खत्म होगा।
हांसी रोड बासिया भवन से लघु सचिवालय परिसर की तरफ जाने वाले मार्ग पर पिछले लंबे अर्से से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी थीं। इन स्ट्रीट लाइटों की हालत इतनी खस्ता थी कि विभाग ने इन्हें फिर से चालू करने की बजाए इनकी जगह नई एलईडी लाइटें लगाना ही बेहतर समझा। इस पर एचएसवीपी की इलेक्ट्रोनिक शाखा की तरफ से एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू किया गया। ये एलईडी लाइटें बासिया भवन से लघु सचिवालय तक जाने वाले तीनों ही मार्गों पर लगेंगी। इन लाइटों को ग्रीन बेल्ट में स्थापित किया गया है। अब इस मार्ग पर लगे पुराने स्ट्रीट पोल भी हटा दिए जाएंगे। इलेक्ट्रिशियन संजय ने बताया कि बासिया भवन से लघु सचिवालय परिसर तक इस मार्ग पर लगभग 73 नई एलईडी लाइटें स्थापित की गई हैं। इन लाइटों को लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। वायरिंग का काम चल रहा है। अगले सप्ताह तक इन एलईडी लाइटों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं हुडा सेक्टर 13 स्थित सिटी सेंटर में भी वर्षों पहले लगी पुरानी स्ट्रीट लाइटों की जगह नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसका कार्य भी अब जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।