असामाजिक तत्वों ने खंडित किया गौरव पट्ट
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी (तोशाम)। गांव अलखपुरा में कुछ असामाजिक तत्वों ने गौरव पट्ट को खंडित कर दिया है। गौरव पट्ट पर लिखे जाट व दलाल गोत्र के शब्द को मुख्य तौर पर निशाना बनाकर खंडित किए जाने से मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद गांव में आपसी सुलह का प्रयास सिरे नहीं चढ़ने के बाद शनिवार को जाट समाज के लोगों ने थाना प्रभारी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि पंचायत विभाग की ओर से गांवों में गौरव पट्ट लगाए जा रहे हैं। गौरव पट्ट पर गांव कब और किसने बसाया इसका उल्लेख किया जा रहा है। गांव अलखपुरा में गौरव पट्ट पर लिखी गाथा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने से मामला गरमा गया है। हालांकि घटना के बाद गांव में आपसी सुलह का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं बनी। शनिवार को जाट समाज के लोग थाना प्रभारी के पास पहुंचे और लिखित में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों ने कहा कि कुछ असामाजिक लोगों द्वारा ऐसी घटना के माध्यम से गांव का भाईचारा बिगाड़ने का काम किया गया है। ऐसे में इन लोगों पर अतिशीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता है।
सरपंच रणबीर सिंह ने कहा कि शरारती तत्वों ने लोगों को आपस में भिड़ाने के लिए गौरव पट्ट को तोड़ा है। सरपंच ने लोगों से गांव में भाईचारा बनाए जाने की अपील की है। थाना प्रभारी विद्यानंद ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। थाना प्रभारी ने उचित कार्रवाई का भरोसा देते हुए लोगों से गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है।